15 साल से अधिक पुराने वाहनों का परिचालन के लिए होगी नीलामी
मुजफ्फरपुर में उत्पाद विभाग 19 सितंबर को 67 जब्त किए गए वाहनों की नीलामी करेगा। इनमें से कई वाहन 15 साल से अधिक पुराने हैं, जिन्हें परिचालन योग्य मानकर नीलाम किया जा रहा है, जबकि परिवहन विभाग इन्हें...

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। उत्पाद विभाग शराब में जब्त 67 वाहनों को नीलाम करेगा। इसके लिए 19 सितंबर को जिला परिषद सभागार में नीलामी की बोली लगेगी। नीलाम होने वाले वाहनों में करीब एक दर्जन गाड़ियां 15 साल से अधिक पुरानी है। 15 साल से अधिक पुरानी गाड़ियों को भी परिचालन योग्य बताकर नीलाम किया जा रहा है। हालांकि, परिवहन विभाग 15 साल से अधिक पुरानी वाहनों को स्क्रैप मान रहा है। इसका निबंधन हो पाना कठिन होगा। 67 वाहनों की नीलामी के लिए 57 लाख 65 हजार 130 रुपये की न्यूनतम बोली तय की गई है। प्रत्येक वाहनों के लिए अलग-अलग न्यूनतम बोली तय की गई है।
वाहन के न्यूनतम मूल्य की दो प्रतिशत सुरक्षित राशि जमा कराकर बोली में शामिल हो सकते हैं। नीलाम होने वाले वाहनों में चार कारें और चार बाइकें 15 साल से अधिक पुरानी हैं। वहीं, छह अन्य वाहनों को स्क्रैप के रूप में नीलाम किया जा रहा है। एमवीआई राकेश रंजन ने बताया कि 15 साल से अधिक निजी वाहनों का पांच साल के लिए पुनर्निबंधन होगा। नीलामी में ऐसे वाहनों को लेने वाले को फीस व टैक्स जमा कराकर पांच साल का री-रजिस्ट्रेशन कराना होगा, तभी वह वाहनों का परिचालन करेंगे। जिस वाहन का ब्योरा एम-परिवहन पर प्रदर्शित है, उसका री-रजिस्ट्रेशन होगा। हालांकि, टैक्सी वाहनों का री-रजिस्ट्रेशन नहीं हो पाएगा। यदि ट्रक, बस या अन्य टैक्सी वाहन 15 साल से अधिक पुराने हैं तो उसे स्क्रैप कराना होगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




