
1481 शिक्षकों को जिले में मिला मनचाहा स्कूल
मुजफ्फरपुर में शिक्षकों का लंबे समय से स्कूल आवंटन का इंतजार खत्म हो गया है। 1481 शिक्षकों को मनचाहा स्कूल आवंटित किया गया है। डीईओ ने बताया कि 16 जनवरी तक शिक्षकों को योगदान देने का निर्देश दिया गया है। हालांकि, 300 शिक्षकों का प्रखंड आवंटन नहीं हो सका क्योंकि संबंधित कक्षाओं में रिक्ति नहीं थी।
मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। अंतरजिला स्थानांतरण के लिए जिला और प्रखंड आवंटन होने के बाद लंबे समय से स्कूल आवंटन का इंतजार शिक्षकों का खत्म हो गया है। जिले में सभी तरह की कक्षा और विषयों को मिलाकर 1481 शिक्षकों को मनचाहा स्कूल मंगलवार देर शाम मिल गया। जिला स्थापना समिति की बैठक में सभी का स्कूल आवंटन करने के साथ ही मैसेज भी जारी किया गया। चार दिन पहले एक से पांच के शिक्षकों का केवल स्कूल आवंटित किया गया था मगर इन शिक्षकों को भी मैसेज नहीं गया था। डीईओ कुमार अरविन्द सिन्हा ने कहा कि इन शिक्षकों को मैसेज भी मंगलवार को ही गया है।
ऐसे में इनका भी मंगलवार से ही स्कूल आवंटन का पत्र मान्य होगा। 16 जनवरी तक योगदान का निर्देश दिया गया है। इसके लिए आपाधापी करने की जरूरत नहीं है। एक-दो दिन बाद तक भी शिक्षक संबंधित स्कूल में योगदान दे सकेंगे। ई शिक्षा कोष पर भी इनका पत्र डाल दिया गया है। डीईओ ने कहा कि प्रधानाध्यापक ई शिक्षा कोष से स्कूल आवंटन की प्रमाणिकता को जांच लेंगे। नव पदस्थापन पर योगदान देने के बाद पहले के जिला और स्कूल से वे स्वत: विरमित समझे जाएंगे। भविष्य में छात्र शिक्षक अनुपात में अगर किसी तरह की गड़बड़ी मिलती है तो उनका स्थानांतरण जिले के किसी अन्य स्कूल में किया जा सकेगा। रिक्ति नहीं रहने से 300 का नहीं हुआ प्रखंड आवंटन जिले में स्थानांतरण को लेकर लगभग 1800 आवेदन आए थे। इनमें 300 शिक्षकों को प्रखंड आवंटित नहीं किया गया था। डीईओ ने बताया कि संबंधित शिक्षकों के कक्षा, विषय में रिक्ति नहीं रहने के कारण यह रद्द हुआ था। इस तरह हुआ स्कूल आवंटन: कक्षा एक से पांच : 783 कक्षा छह से आठ : 139 कक्षा 9 से 10 : 218 कक्षा 11 से 12 : 341

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




