Muzaffarpur News: एडमिट कार्ड मिलने में देरी पर एमडीडीएम की छात्राओं का हंगामा
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर में एमडीडीएम कॉलेज की यूजी फोर्थ सेमेस्टर की छात्राओं ने शनिवार को एडमिट कार्ड नहीं मिलने पर हंगामा किया। सड़क जाम करने के चलते कॉलेज प्रशासन ने समझाया कि एडमिट कार्ड देर से मिला था और रविवार को भी वितरण होगा। छात्राओं ने भविष्य को लेकर चिंता जताई।

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। एडमिट कार्ड मिलने में देरी पर एमडीडीएम में यूजी फोर्थ सेमेस्टर की छात्राओं ने शनिवार को हंगामा किया। कॉलेज के सामने जमा हुईं छात्राएं विवि और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रही थीं। छात्राओं के उग्र प्रदर्शन के कारण ढाई घंटे तक मिठनपुरा-पानी टंकी मुख्य मार्ग जाम रहा। पानी टंकी से मिठनपुरा चौक तक गाड़ियों की लंबी कतार लग गई।
एडमिट कार्ड न मिलने का मुद्दा
नारेबाजी करती छात्राओं ने कहा कि सोमवार से परीक्षा है और शनिवार दोपहर तक एडमिट कार्ड नहीं मिला है और और कल रविवार है। छात्राओं ने कहा कि हमारे भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। छात्राओं ने आरोप लगाया कि एडमिट कार्ड लेने जब कॉलेज में पहुंचे तो उन्हें यह कहकर बाहर निकाल दिया गया कि अभी एडमिट कार्ड नहीं दिया जाएगा। इसके बाद नाराज छात्राएं कॉलेज के सामने मिठनपुरा पानी टंकी चौक वाली मुख्य सड़क पर बैठ गईं। छात्राओं ने कहा कि हमलोग दूरदराज से आए हैं। एडमिट कार्ड नहीं मिलेगा तो फिर वापस लौटना पड़ेगा। शाम तक रूके तो हमारी सुरक्षा की गारंटी कौन लेगा।
पुलिस का हस्तक्षेप
सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और छात्राओं को समझाने की कोशिश की। छात्राओं को कहा कि वह सड़क खाली कर दें, लेकिन छात्राएं मानने को तैयार नहीं हुईं। कॉलेज प्रशासन ने कहा कि विवि से देर से एडमिट कार्ड मिला है। डाउनलोड कराकर छात्राओं को उपलब्ध कराया जा रहा है। कॉलेज प्रशासन ने रविवार को भी कॉलेज खुला रखने का आश्वासन दिया।
एडमिट कार्ड की प्रिंटिंग और सत्यापन में लगा समय
कॉलेज प्रशासन ने कहा कि परीक्षा से पहले एडमिट कार्ड उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेवारी है। प्राचार्य प्रो. अलका जायसवाल ने कहा कि शनिवार को विवि से देर से एडमिट कार्ड मिला। विश्वविद्यालय स्तर से एडमिट कार्ड देर से पोर्टल पर अपलोड किए गए थे। इसके बाद बड़ी संख्या में एडमिट कार्ड की प्रिंटिंग और वेरिफिकेशन की प्रक्रिया में समय लग गया, जिसके कारण वितरण में थोड़ी देर हुई। तीन बजे के बाद छात्राओं के बीच एडमिट कार्ड वितरण की प्रक्रिया शुरू हुई। मौके पर पहुंची पुलिस और कॉलेज प्रशासन ने छात्राओं को समझा-बुझाकर शांत कराया। कॉलेज प्रशासन ने कहा कि तीन बजे के बाद से काउंटरों से एडमिट कार्ड का वितरण शुरू कर दिया गया है। छात्राओं की सुविधा के लिए रविवार को भी काउंटर खुला रहेगा।


