शहर की सड़कों से गायब हो गई 4608 स्ट्रीट लाइट
मुजफ्फरपुर में 4608 स्ट्रीट लाइट गायब हो गई हैं। नगर निगम की जांच में यह खुलासा हुआ है कि लगभग 31 प्रतिशत लाइटें नहीं मिली हैं। पूर्व में कार्यरत एजेंसी ने कई उल्लंघनों के चलते पूरा भुगतान नहीं लिया है। स्मार्ट सिटी परियोजना के दौरान भी कई लाइट गायब हुई हैं, जिससे शहर के कई हिस्से रात में अंधेरे में डूब जाते हैं।

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। शहर की सड़कों से 4608 स्ट्रीट लाइट गायब हो गई है। नगर निगम की जांच में इसका खुलासा हुआ है। करीब सात साल पहले निजी एजेंसी ने कुल 14061 स्ट्रीट लाइट लगाई थी। हाल ही में निगम के अभियंत्रण सेल के स्तर से हुए सर्वे में करीब 31 प्रतिशत लाइट नहीं मिली।
स्ट्रीट लाइटों की कमी के कारण
सर्वे में शामिल सहायक अभियंता (यांत्रिक) आर्यन झा के मुताबिक सिर्फ 9453 लाइट ही पाई गई। ऐसे में बची स्ट्रीट लाइट कहां गई, इसपर सवाल उठ रहे हैं। क्या एजेंसी के स्तर से ही कम लाइट लगाई गई? क्या असामाजिक तत्वों ने लाइटों पर हाथ फेर दिया? हालांकि जबाव पर सस्पेंस है।
पूर्व एजेंसी की स्थिति
पूर्व में कार्यरत एजेंसी ने कई स्तरों पर शर्तों का उल्लंघन किया गया था। इसके चलते उसे पूरा भुगतान भी नहीं हुआ है। अधिकारियों के मुताबिक, प्रावधान के अनुसार एजेंसी के स्तर से लगाई गई स्ट्रीट लाइट का सत्यापन करने के बाद ही भुगतान होता है। हालांकि, इस मामले में जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ पाएगी।
स्मार्ट सिटी के कार्यों के दौरान भी गायब हुई लाइट
स्मार्ट सिटी के निर्माण कार्यों के दौरान भी बड़ी संख्या में लाइट गायब हुई है। स्पाइनल रोड प्रोजेक्ट के तहत बैरिया गोलंबर से लक्ष्मी चौक, ब्रह्मपुरा, जूरन छपरा, इमलीचट्टी से स्टेशन तक नाला निर्माण के दौरान बड़ी संख्या में स्ट्रीट लाइट व पोल दूसरी जगह शिफ्ट किए गए। इस दौरान हटाई गई 200 से अधिक लाइट का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। इसको लेकर निगम कार्यालय, सशक्त स्थायी समिति से लेकर निगम बोर्ड में भी चर्चा हुई पर नतीजा सिफर ही रहा। स्ट्रीट लाइट के अभाव में साढ़े चार किमी लंबे बैरिया-स्टेशन रोड का बड़ा हिस्सा रात में अंधेरे में डूब जाता है। कुछ अन्य इलाकों में भी यही स्थिति है।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


