भतीजे ने पांच लाख सुपारी देकर चाचा की कराई हत्या, शूटर गिरफ्तार

हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुर
Follow us on Google News
share

मुजफ्फरपुर में हरिशंकर सिंह की हत्या के मामले में शूटर अमरदीप कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार किया। उसके पास से कट्टा, कारतूस, स्मैक और अन्य सामान बरामद हुए। हरिशंकर की हत्या भू विवाद के कारण 24 मार्च को हुई थी। उसके भतीजे रविकांत ने शूटरों को पैसे दिए थे। दो अन्य आरोपी फरार हैं।

भतीजे ने पांच लाख सुपारी देकर चाचा की कराई हत्या, शूटर गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर, हिप्र। गरहां ओपी के मुरादपुर भरत निवासी हरिशंकर सिंह हत्याकांड में शामिल शूटर को पुलिस ने दबोच लिया। शूटर मीनापुर थाने का मुस्तफागंज निवासी अमरदीप कुमार (22) है। उसके पास से कट्टा, दो कारतूस, 18 ग्राम स्मैक, एक मोबाइल व बाइक जब्त की गई है। शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि भू विवाद में 24 मार्च को हरिशंकर सिंह की हत्या कर दी गई थी। हरिशंकर सिंह की हत्या के लिए उसके भतीजे रविकांत ने शूटरों को पांच लाख रुपए दिया था। पूछताछ में अमरदीप ने घटना में संलिप्तता स्वीकार की है। बताया कि मिथिलेश व सुनील के साथ मिलकर हरिशंकर सिंह की गोली मारकर हत्या की थी। वारदात में शामिल मीनापुर थाने का अलीनेउरा निवासी सुनील कुमार व गरहां निवासी रविकांत कुमार फरार है। सिटी एसपी ने बताया कि एक अन्य मामले में जेल में बंद आरोपित रामपुरहरि थाने के मोथहां निवासी मिथिलेश सहनी को हरिशंकर सिंह हत्याकांड में रिमांड पर लिया जाएगा।

वाहन चेकिंग के दौरान गरहां में पकड़ाया

सिटी एसपी ने बताया कि सूचना के आधार पर गुरुवार रात गरहां थाने के पटियासा में तीन मुहानी के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान बाइक सवार शातिर पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे खदेड़कर पकड़ लिया गया। गरहां थानेदार के बयान पर अमरदीप के खिलाफ थाना में केस दर्ज किया गया है। छापेमारी टीम में गरहां थानेदार सेन्टू कुमार, पुअनि विमलेश कुमार, निक्की कुमार, बलिराम कुमार, बैद्यनाथ कुमार, विवेक कुमार शामिल थे। गौरतलब है कि गेहूं दौनी कराकर लौट रहे हरिशंकर सिंह की 24 मार्च की शाम सात बजे विद्यालय के समीप गोली मार दी गई थी। उन्हें एसकेएमसीएच लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। उनकी पत्नी सिया जानकी देवी के आवेदन पर 25 मार्च को अज्ञात के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई थी।

सामान्य प्रश्न

हरिशंकर सिंह की हत्या कब हुई थी?
हरिशंकर सिंह की हत्या 24 मार्च को हुई थी।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।