एलएस कॉलेज मैदान में मिला अधेड़ का शव, नौकरी जाने से अवसाद में था
मुजफ्फरपुर में एलएस कॉलेज के खेल मैदान पर एक अधेड़ का शव मिला। मृतक की पहचान हितेंद्र कुमार उर्फ पप्पू के रूप में हुई, जो कुछ दिन पहले नौकरी खोने के बाद डिप्रेशन में था। पुलिस को मृतक के पास एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने अपने परिवार से माफी मांगी है।

मुजफ्फरपुर, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। एलएस कॉलेज के खेल मैदान में शुक्रवार की सुबह एक अधेड़ का शव पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के पंखा टोली निवासी हितेंद्र कुमार उर्फ पप्पू (50) के रूप में हुई। वह गुरुवार शाम से ही लापता था। पप्पू के पास से पुलिस ने एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है। इससे पुलिस ने उसके आत्महत्या करने की आशंका जताई है। विवि थानेदार धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि रिश्तेदारों से पूछताछ में सामने आया है कि पप्पू की कुछ दिन पहले नौकरी छूट गई थी। इसके बाद से वह डिप्रेशन में चल रहा था।
वह गुरुवार की शाम मोबाइल छोड़कर घर से निकला था। इसके बाद से परिजन लगातार खोजबीन कर रहे थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का मामला प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है। इससे पहले, शव मिलने की सूचना पर नगर एएसपी वन सुरेश कुमार व विवि थानेदार धर्मेंद्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मामला संदिग्ध देख पुलिस ने जांच के लिए एफएसएल की टीम को बुलाया। शव के पास तीन जगह उल्टी किया हुआ मिला। उसमें सफेद रंग का झाग जैसा था। शव के पास ही स्वेटर खोलकर फेंका हुआ मिला। मृतक का इनर वियर भीगा हुआ लग रहा था। पहचान होने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। तनी, हनी और जयश्री मुझे माफ कर देना... एलएस कॉलेज मैदान में अहले सुबह चार बजे से ही काफी संख्या में छात्र दौड़ की प्रैक्टिस करने के लिए पहुंच जाते हैं। सुबह छह बजे छात्रों ने मैदान में एक व्यक्ति को सोया हुआ देखा। पास जाने पर पता चला कि उसकी मौत हो गई है। शव के आसपास अजीब सी गंध आ रही थी। छात्रों ने डायल 112 को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की तलाशी ली तो पॉकेट से कागज मिला। उस पर लिखा था कि तनी, हनी और जयश्री मुझे माफ कर देना। हम तुम्हारे लिए कुछ नहीं कर पाए। कागज की दूसरी ओर टर्मिनेशन लेटर और अन्य कागजात अलमारी पर रखे होने का जिक्र था। इसके अलावा, पप्पू जिस निजी कंपनी में काम करता था, उसके नाम से लिखा हुआ एक पत्र भी मिला। तनी और हनी पप्पू की बेटियां हैं। जयश्री उसकी पत्नी का नाम है। एक बेटी की हाल ही में बैंक में नौकरी लगी है। दूसरी बेटी पढ़ाई कर रही है। सभी बिंदुओं पर जांच में जुटी पुलिस : एएसपी एएसपी टाउन वन सुरेश कुमार ने बताया कि एलएस कॉलेज मैदान में अधेड़ का शव मिला है। पॉकेट से कागज मिला है, जिसमें बच्चों और पत्नी का उल्लेख है। टर्मिनेशन लेटर का भी जिक्र है। शव के बगल में उल्टी किए गए जहरीले पदार्थ के अवशेष मिले हैं। एफएसएल की टीम को जांच के लिए बुलाया गया था। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। हालांकि, सभी बिंदुओं पर जांच कर जानकारी जुटाई जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



