शराब के धंधे पर रोक लगाने को पांच विशेष टीम गठित
मुजफ्फरपुर में होली के दौरान शराब की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए मद्यनिषेध विभाग ने पांच टीमें गठित की हैं। ये टीमें विभिन्न जिलों में शराब जब्ती और फरार धंधेबाजों की गिरफ्तारी के लिए काम करेंगी। सभी अधिकारियों को विशेष कार्ययोजना के तहत जिले में तैनात किया गया है।

मुजफ्फरपुर, हिप्र। होली पर शराब के धंधे पर रोक लगाने को लेकर मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग ने प्रदेश स्तर पर पांच टीम गठित की है। यह टीम अलग-अलग जिलों में शराब जब्त व फरार धंधेबाजों को गिरफ्तार करेगी। इसके लिए विभाग के ग्रुप सेंटरों में पदस्थापित सभी मद्यनिषेध पदाधिकारियों व सिपाहियों को जिले में प्रतिनियुक्त किया गया है। होली पर शराब बनाने, तस्करी व उसकी खरीद-बिक्री पर रोक लगाने को लेकर बीते दिनों मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग की उच्च स्तरीय बैठक हुई थी। इस दौरान कई बिंदुओं पर निर्णय लिया गया। इसमें मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के सचिव, अपर पुलिस महानिदेशक मद्यनिषेध एवं स्वापक ब्यूरो, उप महानिरीक्षक सशस्त्र सीमा बल व पुलिस अधीक्षक मद्यनिषेध ने भाग लिया।
बैठक में समीक्षा के दौरान यह बात सामने आई कि विगत माह में देसी-विदेशी शराब जब्ती के मामले व धंधेबाजों की गिरफ्तारी में वृद्धि हुई है। होली पर शराब बनाने व इसकी खरीद-बिक्री बढ़ने की आशंका है। इसको लेकर विशेष सावधानी बरतने व इस पर रोक लगाने को लेकर सभी डीएम व एसएसपी/एसपी को विशेष कार्ययोजना बनाकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। जहरीली शराब की घटनास्थलों व आरोपितों पर निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। बैठक में विदेशी शराब की तस्करी रोकने पर विशेष बल दिया गया। समीक्षा में यह बात सामने आई है कि नेपाल से गांजा व उत्तर-पूर्वी राज्यों से अन्य मादक पदार्थों की तस्करी बढ़ी है। राज्य में मादक पदार्थों के सेवन करने वाले की भी संख्या में भी वृद्धि हुई है। नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल के साथ समन्वय व जनसहयोग से सीमा पार से आने वाले शराब तथा मादक पदार्थों रोक लगाने के लिए संयुक्त छापेमारी करने का निर्णय लिया गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



