
तेज आवाज के साथ 10 फीट में धंसी मरीन ड्राइव सड़क
मुजफ्फरपुर में सिकंदरपुर स्टेडियम के सामने मरीन ड्राइव रोड धंस गया। स्थानीय लोगों में अफरातफरी मच गई। सीवेरज पाइपलाइन के मेनहोल के आसपास करीब 10 फीट लंबाई और 5 फीट चौड़ाई में सड़क धंसी है। पथ निर्माण विभाग ने जांच के निर्देश दिए हैं, जिसमें एयरगैप, मिट्टी के कंपैक्शन और पाइपलाइन में लीकेज की जांच शामिल है।
मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। सिकंदरपुर स्टेडियम के गेट के ठीक सामने तिराहे पर शनिवार को भरभराकर मरीन ड्राइव रोड धंस गया। आवाज से स्थानीय लोगों में अफरातफरी मच गई। भागकर लोग घरों से बाहर निकले तो कुछ समझ नहीं आया। फिर कुछ वाहन चालकों ने रोड धंसने की बात कही। देखते ही देखते मौके पर भीड़ लग गई। सीवेरज पाइपलाइन से जुड़े मेनहोल के आसपास करीब 10 फीट लंबाई और पांच फीट चौड़ाई में सड़क धंसी है। दो तरफ दरार बन गई है। छह इंच से अधिक धंसान है। सूचना मिलते ही मौके पर पथ निर्माण विभाग (आरसीडी) के एई व अन्य इंजीनियरों की टीम पहुंची।
बाद में कार्यपालक अभियंता के स्तर पर मीटिंग हुई। फिलहाल सड़क धंसान के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। दरअसल, पिछले साल स्मार्ट सिटी के सीवरेज सिस्टम व अंडरग्राउंड मेन स्ट्रॉर्म वाटर ड्रेनेज प्रोजेक्ट के तहत भूमिगत सीवरेज पाइपलाइन और मेनहोल का काम पूरा हुआ था। इसके बाद करीब दो महीने पहले सड़क दुरुस्त कर उसपर मास्टिक एस्फॉल्ट लगाया गया था। इसको लेकर आवश्यक राशि स्मार्ट सिटी ने दी है। आरसीडी के कार्यपालक अभियंता के मुताबिक सड़क धंसने के पीछे प्रथम दृष्टया एसटीपी की पाइपलाइन के काम में हुई चूक लग रही है। जांच पूरा होने पर सच सामने आएगा। जांच के निर्देश, तीन बिंदुओं पर फोकस पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता गणेशजी के मुताबिक जांच के निर्देश दिए गए हैं। तीन बिंदुओं पर फोकस है। भूमिगत पाइपलाइन के काम में एयरगैप, मिट्टी के कंपैक्शन में खामी और भूमिगत पाइपलाइन में लीकेज आदि को परखने पर स्थिति साफ होगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




