
कब्जे हटाने में भेदभाव से भड़के लोग, सड़क पर हंगामा
मुजफ्फरपुर में अतिक्रमण हटाने के अभियान के दौरान बवाल हो गया। जब एक रसूखदार के मकान को छोड़कर बुलडोजर आगे बढ़ा, तो लोग सड़क पर उतर आए और नारेबाजी करने लगे। स्थिति बिगड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया। अंततः विवादित मकान पर भी कार्रवाई की गई और लोगों को शांत कराया गया।
मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में लकड़ीढाई बांध रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान मंगलवार की दोपहर एक बजे तब बवाल हो गया, जब पैरवी पर एक रसूखदार के मकान के कब्जे को छोड़कर बुलडोजर आगे बढ़ा दिया गया। अतिक्रमण हटाओ अभियान टीम के खिलाफ आक्रोशित लोग सड़क पर उतर आए। सड़क पर टायर जलाकर आगजनी की। यातायात जाम कर लोग प्रदर्शन करने लगे। प्रशासन के खिलाफ लोगों ने जमकर नारेबाजी भी की। हंगामे के कारण इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। इस दौरान रसूखदार ने एक स्थानीय युवक की पिटाई कर दी। इससे आपस में ही भिड़ंत हो गई।
इस बवाल और भिड़ंत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। तब वरीय अधिकारियों को मामले की जानकारी हुई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल भेजी गई। अधिकारियों ने लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। वार्ता के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया। बाद में जिस घर को लेकर विवाद था, उस पर भी बुलडोजर चलाया गया। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की। बताया गया कि प्रशासन की टीम सड़क किनारे बने अवैध निर्माणों को हटाने के लिए पहुंची थी। रसूखदार ने टीम से कुछ दिनों की माहलत मांगी। इसके बाद नगर निगम की टीम उसे समय देकर आगे बढ़ गई। इसी बात से मोहल्ले के वैसे लोग नाराज हो गए, जिनका कब्जा जेसीबी से तोड़कर हटाया गया था। कार्रवाई में दोहरी नीति का आरोप लगा हंगामा: स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि राजनीतिक रसूख वाले एक विशेष व्यक्ति के घर को बीच में छोड़ दिया गया। कार्रवाई में दोहरी नीति नहीं चलेगी। लोग इसको लेकर नारेबाजी करने लगे, जबकि अन्य गरीब परिवारों के मकानों को ध्वस्त कर दिया गया। इसी बात को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों का कहना था कि कार्रवाई समान रूप से होनी चाहिए और किसी एक व्यक्ति को राहत देना अन्याय है। सिकंदरपुर थानेदार ने बताया कि हंगामे के बाद उस मकान के कब्जे को भी तोड़कर हटाया गया, जिसको छोड़कर निगम की टीम आगे बढ़ गई थी। इसके बाद लोगों को समझा बुझाकर शांत करा दिया गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




