डाक प्रतियोगिता में पहले दिन ग्रुप बी में मुजफ्फरपुर पहले स्थान पर
मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। उत्तरी डाक परिमंडल ने बचत खातों की संख्या बढ़ाने के लिए प्रतियोगिता शुरू की। पहले दिन मुजफ्फरपुर ग्रुप बी में पहले स्थान पर रहा, जबकि ओवरऑल तीसरे स्थान पर रहा। दरभंगा प्रमंडल पहले और सारण प्रमंडल दूसरे स्थान पर रहे। 1623 नए बचत खाते खोले गए।

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। उत्तरी डाक परिमंडल ने डाक घरों में बचत खातों की संख्या बढ़ाने के लिए प्रतियोगिता शुरू की है। इसके पहले दिन बुधवार को मुजफ्फरपुर डाक प्रमंडल ग्रुप बी में पहले स्थान पर रहा। वहीं, सभी ग्रुपों को मिलाकर मुजफ्फरपुर ओवरऑल तीसरे स्थान पर रहा। इस तरह जिले ने सेमीफाइनल की दौड़ के लिए बेहतर शुरुआत की है। वहीं, दरभंगा प्रमंडल ओवरऑल में पहले और सारण प्रमंडल दूसरे स्थान पर रहा। प्रतियोगिता के पहले दिन मुजफ्फरपुर प्रमंडल में कुल 1623 बचत खाता खोले गए। पहले स्थान पर रहे दरभंगा प्रमंडल में 2349 और सारण प्रमंडल में 1863 खाते खुले।
वहीं, व्यक्तिगत तौर पर हो रही रेटिंग में सारण जिले की बरवे शाखा डाकघर 601 खातों को खोल पूरे उत्तरी डाक परिमंडल में पहले स्थान पर है। दरभंगा जिले का अरघा उपडाकघर 501 खातों के साथ दूसरे स्थान पर है। इसकी जानकारी देते हुए सहायक डाक निदेशक उत्तरी परिमंडल जयप्रकाश ने बताया कि इस साल भी वित्तीय समावेशन को हर घर तक पहुंचाने का लक्ष्य मिला है। इसी क्रम में उत्तरी डाक परिमंडल के पीएमजी पवन कुमार सिंह ने डाक कर्मियों और अधिकारियों के बीच बेहतर प्रतिस्पर्द्धा बढ़ाने के लिए एक नया तरीका निकाला है। हर प्रमंडल को आईपीएल की तर्ज पर अलग-अलग नाम देकर प्रतियोगिता कराई जा रही है। इसमें परिमंडल के सभी 11 डाक प्रमंडलों को तीन ग्रुपों में बांटा गया है। कहा कि मुजफ्फरपुर प्रमंडल को ग्रुप बी में पूर्वी और पश्चिम चम्पारण डाक प्रमंडल के साथ रखा गया है। ये सभी प्रमंडल हर दिन अपने अधीन आने वाले डाकघरों के माध्यम से लोगों का खाता खुलवाएंगे। हर खाता पर एक रन स्कोर मिलेगा। अगले महीने के 19 फरवरी तक बेहतर प्रदर्शन करने वाले दो प्रमंडल सेमीफाइनल में पहुंचे। इनमें 20 और 21 फरवरी के बीच बेहतर करने वाले को विजेता घोषित किया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




