
रात की गश्त भगवान भरोसे, थानों से नहीं निकल रहे थानेदार
मुजफ्फरपुर में एसएसपी कांतेश मिश्रा ने रात की गश्त की लापरवाही के लिए मिठनपुरा थानेदार को निलंबन की चेतावनी दी है। निरीक्षण के दौरान थानेदार की शिथिलता उजागर हुई। मनियारी थाने के दारोगा कन्हैया कुमार को भी लापरवाही के लिए निलंबित किया गया। SSP ने पुलिस को सतर्क रहने और गश्त को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
मुजफ्फरपुर, प्रसं। शहर की गश्त में थानेदार की शिथिलता से सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। रात में गश्त के लिए थानों से थानेदार नहीं निकल रहे हैं। वहीं, बेलगाम अपराधी विभिन्न वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। एसएसपी कांतेश मिश्रा के औचक निरीक्षण में इसका खुलासा हुआ है। एसएसपी ने मंगलवार देर रात शहर के थानों का निरीक्षण किया। मिठनपुरा थाने की गश्त में कोताही पकड़ी गई। इस लापरवाही के लिए थानेदार संतोष कुमार पंकज को निलंबन की चेतावनी देते हुए स्पष्टिकरण की मांग की गई है। वहीं, मनियारी थाने के दारोगा कन्हैया कुमार को लापरवाही के लिए सस्पेंड कर दिया गया है।
सदर थाना क्षेत्र के सुस्ता में आभूषण दुकान में लूट के बाद भी मिठनपुरा पुलिस सक्रिय नहीं हुई, जबकि अपराधियों के मूवमेंट को लेकर एसएसपी ने सभी थानेदार को सतर्क करते हुए गश्त का आदेश दिया था। मंगलवार की देर रात थानेदारों की सजगता की पड़ताल करने एसएसपी शहर में निकले। इसमें मिठनपुरा थाने का औचक निरीक्षण किया गया तो थोनदार की लापरवाही सामने आ गई। एसएसपी कार्यालय से बताया गया कि मंगलवार शाम में सदर थाना क्षेत्र में हुई घटना को लेकर जारी निर्देश के बावजूद मिठनपुरा थानाध्यक्ष क्षेत्र में भ्रमणशील नहीं थे। इसके आलोक में थानाध्यक्ष से निलंबन के विरुद्ध स्पष्टीकरण की मांग की गई है। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाने से संबंधित सभी पंजियों का अवलोकन किया और उन्हें अद्यतन रखने का निर्देश दिया। लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन, वांटेड की गिरफ्तारी के लिए थानेदार व अन्य पुलिस कर्मियों को फटकार लगाई। सीसीटीएनएस कार्यों को नियमित रूप से अद्यतन रखने और रात्रि गश्ती को प्रभावी बनाने के लिए कहा। साथ ही आम लोगों से शालीन, संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त कांडों के अनुसंधान में लापरवाही एवं शिथिलता के आरोप में मनियारी थाना में पदास्थापित दारोगा कन्हैया कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




