
एसएसपी ने जनता से किया संवाद , सुनीं समस्याएं
मुजफ्फरपुर में एसएसपी सुशील कुमार ने जनता दरबार का आयोजन किया, जहां उन्होंने नागरिकों से समस्याएं सुनीं। लोगों ने जाम की समस्या, चोरी, और भू माफिया के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसएसपी ने थानेदार को निर्देश दिया कि अपराधों पर नज़र रखें और जमीन विवादों को प्राथमिकता से निपटाएं।
मुजफ्फरपुर, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर सदर थाना परिसर में शुक्रवार को एसएसपी सुशील कुमार ने जनता दरबार का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने जनता से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना। लोगों की समस्याओं के निवारण के लिए उन्होंने सदर थानेदार को निर्देश दिए। जनता दरबार में लोगों ने भगवानपुर ओवरब्रिज से यादव नगर के पास रेवा रोड में जाम की समस्या को उठाया और निजात दिलाने की मांग की। कहा कि इससे काफी परेशानी होती है। एसएसपी ने इसके समाधान के लिए तत्काल कदम उठाने का आश्वासन दिया। लोगों ने चोरी और चेन छिनतई समेत अन्य आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए बाइकर गैंग के खिलाफ ठोस कार्रवाई की मांग की।
लोगों ने रात्रि गश्ती को प्रभावी बनाने की अपील की। एसएसपी ने थानेदार को निर्देशित किया कि वे क्षेत्र में क्राइम मैपिंग कर संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाएं। पेशेवर अपराधियों की धर-पकड़ तेज करें। फरियादियों ने बताया कि भू माफिया इलाके में काफी सक्रिय हैं। जबरन जमीन पर कब्जा करने, धमकाने और फर्जी कागजात बनाने का काम कर रहे हैं। एसएसपी ने जमीन विवादों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का निर्देश दिया। कहा कि ऐसे तत्वों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। इस दौरान एफआईआर के लिए दौड़ाए जाने का मामला भी लोगों ने उठाया। एसएसपी ने बताया कि जनता दरबार का उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके। प्रत्येक सप्ताह जिले के दो थानों पर वरीय पुलिस पदाधिकारियों के द्वारा जनता दरबार लगाया जाएगा। इसको लेकर पहले से तिथि निर्धारित की गई है। सभी थानेदार इसको लेकर अपने थाना क्षेत्र में प्रचार प्रसार करेंगे। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा। निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




