मुखिया के संभावित प्रत्याशी की हत्या के लिए तीनों शूटर ने ली थी सुपारी

Dec 08, 2025 08:06 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुर
share Share
Follow Us on

मुजफ्फरपुर में पुलिस ने तीन शूटरों को गिरफ्तार किया है, जो गायघाट में एक मुखिया प्रत्याशी की हत्या करने वाले थे। हत्या के लिए तीन लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से पिस्टल, कारतूस और स्मैक की पुड़िया बरामद हुई हैं।

मुखिया के संभावित प्रत्याशी की हत्या के लिए तीनों शूटर ने ली थी सुपारी

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। गरहां के मिर्जापुर चौक के पास से लोडेड पिस्टल के साथ गिरफ्तार तीनों शूटर गायघाट में एक संभावित मुखिया प्रत्याशी की हत्या करनेवाले थे। मुखिया प्रत्याशी की हत्या के लिए तीन लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। अहियापुर के एक विवाह भवन में तीनों अपराधी ठहरे हुए थे। वहा पर छापेमारी में पुलिस को 21 पुड़िया स्मैक मिले हैं। पुलिस ने उक्त विवाह भवन को सील करा दिया है। सिटी एसपी कोटा किरण कुमार ने बताया कि गायघाट थाने के बेलागोपी निवासी गौरव निखिल, अखाड़ाघाट चौक के रोहित कुमार उर्फ रवि और दादर कोल्हुआ के सावन कुमार को गिरफ्तार किया है।

तीनों के पास से तीन पिस्टल और चार कारतूस और पॉकेट से 49 पुड़िया स्मैक मिले। जब्त बिना नंबर की बाइक रोशन कुमार के नाम पर है। हत्या की सुपारी देनेवाले की गिरफ्तारी के लिए एसडीपीओ टाउन टू विनीता सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया है। सिटी एसपी ने बताया कि पूछताछ के बाद तीनों अपराधियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। अपराधियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। एक के खिलाफ सदर थाने में हत्या और एक पर गायघाट में लूट का केस दर्ज है। सिटी एसपी ने बताया कि अपराधियों के पास से एक मोबाइल मिला है। उसके कॉल डिटेल से सुपारी शूटर गैंग के कई अन्य अपराधी भी चिह्नित हुए हैं। गैंग के सभी शातिरों का सत्यापन कर गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस पर फायरिंग का किया प्रयास : सिटी एसपी ने बताया कि रविवार की सुबह तीनों अपराधी जब मिर्जापुर चौक पर आग जलाकर खड़े थे। मॉर्निंग वाक कर रहे एक पुलिसकर्मी को बदमाशों की कमर में पिस्टल दिखी। उसने तत्काल गश्ती दल को सूचना देकर बुलवाया। पुलिसकर्मियों ने तीनों अपराधियों को घेरा तो पुलिस पर फायरिंग करने का प्रयास किया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsBihar NewsMuzaffarpur NewsMuzaffarpur Police Arrests Hitmen with Loaded Pistols Foils Murder Plot
;;;