
किशोर की डूबने से हुई मौत में पुलिस ने तीन दोस्तों को दबोचा
मुजफ्फरपुर में 14 वर्षीय छात्र शुभम कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। शुभम का शव संगम घाट के पास बूढ़ी गंडक नदी से मिला। उसके पिता ने आरोप लगाया है कि उसके दोस्तों...
मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। अहियापुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर के 14 वर्षीय छात्र शुभम कुमार की हत्या में पुलिस ने तीन आरोपितों को संगमघाट के पास से गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद पुलिस ने रविवार को तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। तीनों के खिलाफ शुभम के पिता ने घटना में संलिप्तता की आशंका व्यक्त की थी। अहियापुर थानेदार रोहन कुमार ने बताया कि घटना के वक्त तीनों आरोपित मौके पर मौजूद थे। पूछताछ में उन्होंने कहा कि नहाने के दौरान शुभम डूबा, लेकिन डर से यह बात किसी को नहीं बताई। तीन दिन से लापता शुभम का शव शनिवार को संगम घाट के पास बूढ़ी गंडक से मिला था।
उसके पिता पप्पू राम ने गिरफ्तार तीनों युवकों पर पुत्र को नदी में धकेल कर डूबोने का आरोप लगाया है। थाना अध्यक्ष ने बताया कि मामले में फतेहपुर गांव के मनटुन राम के पुत्र आलोक कुमार व अभिषेक कुमार और हरपुर बखरी निवासी राजकिशोर राम के पुत्र धीरज कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। शुभम चार सितंबर की सुबह दस बजे घर से दोस्तों के साथ साइकिल से निकला था। इसके बाद से वह लापता था। शव बरामदगी के बाद ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। शुभम के पिता पप्पू राम ने बताया कि उनका बेटा चार-पांच दोस्तों के साथ नहाने गया था। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। नहीं मिलने पर थाने में इसकी सूचना दी। उनका आरोप है कि शुभम के दोस्तों ने घटना की जानकारी छुपाई। पिता ने आशंका जताई कि बेटे की हत्या कर शव को पानी में फेंका गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




