जर्जर एनएच 122ए की मरम्मत कराएगा एनएचएआई

Newswrap हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुर
share

मुजफ्फरपुर में जर्जर राष्ट्रीय राजमार्ग 122ए की मरम्मत के लिए एनएचएआई ने निविदा जारी की है। 4.54 करोड़ रुपये से मरम्मत की जाएगी और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उपाय भी किए जाएंगे। पिछले साल बाढ़ से सड़क पर खतरनाक गड्ढे बन गए हैं। कार्यादेश जारी होने के दो महीने के भीतर काम पूरा करना होगा।

जर्जर एनएच 122ए की मरम्मत कराएगा एनएचएआई

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। जर्जर हो चुके राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) 122ए की मरम्मत के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के पटना क्षेत्रीय कार्यालय ने निविदा जारी कर दी है। एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार दो लेन वाली इस सड़क की मरम्मत के अलावा सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए संभावित उपाय भी किये जाने हैं।

निविदा प्रक्रिया

विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पटना क्षेत्रीय कार्यालय के क्षेत्रीय पदाधिकारी (आरओ) सह मुख्य महाप्रबंधक (तकनीकी) एनएल योत्कर ने योग्य कंपनियों से निविदा मांगी है। 4.54 करोड़ रुपये से इस राजमार्ग की मरम्मत कराई जाएगी। इसको लेकर बरसात बाद ही एनएचएआई अधिकारियों ने सड़क के हालात का सर्वे कराया था। सर्वे करनेवाले अधिकारियों ने अविलंब मरम्मत कराने की जरूरत बताई थी। अधिकारियों से रिपोर्ट मिलने के बाद पटना स्थित आरओ ने स्थानीय परियोजना इकाई से इससे जुड़ा प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश दिया था। अब जल्द ही इसके लिए निर्माण एजेंसी का चयन कर काम शुरू करा दिया जाएगा। कार्यादेश जारी होने के दो महीने के भीतर एजेंसी को काम पूरा करना होगा।

सड़क की स्थिति

आरओ ने बताया कि पिछले साल बाढ़ के कारण लगे पानी से सड़क पर कई जगह खतरनाक गड्ढे बन गए हैं। ये सड़क पर सुरक्षित परिवहन के लिए खतरनाक होते जा रहे हैं। इसमें सुधार के लिए जिला सड़क सुरक्षा समिति ने भी अनुशंसा की थी। उसी के आलोक में एनएच के इस खंड की मरम्मत कराने का निर्णय लिया गया। मरम्मत का काम विश्वनाथपुर से लेकर सीतामढ़ी के नानपुर प्रखंड के खरिका गांव तक कुल 32 किलोमीटर की दूरी में किया जाएगा।

सामान्य प्रश्न

राष्ट्रीय राजमार्ग 122ए की मरम्मत के लिए कितनी राशि निर्धारित की गई है?
4.54 करोड़ रुपये से इस राजमार्ग की मरम्मत कराई जाएगी।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।