
नगर निगम के फंड से कई सड़कों का निर्माण कार्य शुरू
मुजफ्फरपुर नगर निगम ने चुनाव समाप्त होने के बाद सड़कों के निर्माण कार्यों में तेजी लाई है। वार्ड 31 में आनंद मार्ग-इंदिरा कॉलोनी रोड का निर्माण कार्य सोमवार से शुरू हुआ। अन्य वार्डों में भी विभिन्न सड़कों के निर्माण का काम चल रहा है, जो पार्षदों के 15 लाख रुपये के फंड से किया जा रहा है।
मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। चुनाव कार्य समाप्त होते ही अब नगर निगम के निर्माण कार्यों में तेजी आ गई है। इस क्रम में निगम के फंड से करीब छह सड़कों का निर्माण कार्य शुरू कराया गया है। ये सभी निर्माण कार्य अलग-अलग वार्डों के मोहल्लों में कराए जा रहे हैं। वार्ड 31 के आनंद मार्ग-इंदिरा कॉलोनी रोड में निर्माण कार्य सोमवार से शुरू हुआ। वहीं, तीन दिनों पहले अघोरिया बाजार से केंद्रीय विद्यालय जाने वाली सड़क, वार्ड-19 में रघुनाथ अडिग रोड से जयनारायण कॉलोनी सड़क, वार्ड-15 में माईस्थान सड़क के अलावा चौधरी हार्डवेयर से लेकर न्यू प्रोफेसर कॉलानी तक की सड़क बनाने का काम शुरू किया गया है।
इन सभी सड़कों का निर्माण पार्षदों को दिए गए विशेष 15 लाख रुपये के फंड से कराया जा रहा है। इनके निर्माण को लेकर जुलाई महीने में ही स्वीकृति मिल गई थी। सितंबर महीने में इसके लिए निविदा निकाल निर्माण एजेंसी का चयन किया गया था। चुनाव के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया जा सका था। अब चुनाव समाप्ति के बाद निर्माण कार्य शुरू किया गया है। वार्ड 31 की पार्षद रूपम कुमारी ने बताया कि एक सप्ताह के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण करा लिया जाएगा। इसके बाद इसे आम यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




