
नगर निगम बोर्ड की बैठक आज, हंगामे के आसार
मुजफ्फरपुर में निगम बोर्ड की बैठक 11:30 बजे नगर भवन में होगी, जिसमें विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल और मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। 19 सितंबर को उप नगर आयुक्त और पार्षदों के बीच हुई भिड़ंत के...
मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। नगर भवन में बुधवार को 11:30 बजे दिन में होने वाली निगम बोर्ड की बैठक हंगामेदार हो सकती है। विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस बल के साथ मजिस्ट्रेट की तैनाती रहेगी। इसको लेकर बीते 22 सितंबर को नगर आयुक्त ने एसडीओ (पूर्वी) व नगर डीएसपी को पत्र लिखा था। पत्र में 19 सितंबर को दर्ज कराई गई प्राथमिकी (उप नगर आयुक्त व पार्षद भिड़ंत का मामला) को लेकर बैठक में शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका जताई है। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल (महिला पुलिस के साथ) और एक-एक पुलिस पदाधिकारी व मजिस्ट्रेट की तैनाती का अनुरोध किया है।

छह एजेंडों पर होगा विचार : बैठक में कुल छह एजेंडों पर विचार होगा। इनमें दरभंगा की तर्ज पर वार्ड पार्षदों को सचिव देने का प्रस्ताव भी शामिल है। निगम की परिसंपत्तियों के साथ प्रशासनिक कार्यों में सहयोग के लिए जिला प्रशासन से 30 होमगार्ड जवान मांगने पर निर्णय होगा। इसके अलावा सशक्त स्थायी समिति से पारित आदेश के आलोक में 15 लाख से नीचे के काम विभागीय स्तर से कराने के लिए वार्ड स्तरीय सूची पर चर्चा होगी। साथ ही स्मार्ट सिटी, बुडको, आरसीडी व पीएचईडी के द्वारा निगम क्षेत्र में कराए जा रहे या होने वाली क्रियान्वयन की योजना में फ्लैंक के रेस्टोरेशन या निर्माण के लिए प्राक्कलन में प्रावधान पर भी विचार होगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




