Hindi NewsBihar NewsMuzaffarpur NewsMuzaffarpur Launches Special Farmer Registration Campaign 5650 Farmers E-KYC Completed
विशेष फार्मर रजिस्ट्री अभियान के पहले दिन 5650 किसानों का निबंधन

विशेष फार्मर रजिस्ट्री अभियान के पहले दिन 5650 किसानों का निबंधन

संक्षेप:

मुजफ्फरपुर में विशेष फार्मर रजिस्ट्री अभियान की शुरुआत हुई। पहले दिन 5650 किसानों का ई-केवाईसी पूरा किया गया। डीएम सुब्रत कुमार सेन ने अभियान की समीक्षा की और सभी संबंधित अधिकारियों को सक्रियता से कार्य करने का निर्देश दिया। कृषि समन्वयकों और सलाहकारों की जवाबदेही तय की गई है।

Jan 08, 2026 08:43 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुर
share Share
Follow Us on

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। मुख्यालय के निर्देश पर जिला में विशेष फार्मर रजिस्ट्री अभियान की शुरुआत गुरुवार से हुई। पहले दिन कुल 5650 किसानों का ई-केवाईसी पूरा करते हुए फार्मर रजिस्ट्री हुई। वहीं, शाम में डीएम सुब्रत कुमार सेन ने सभी संबंधित नोडल अधिकारियों के अलावा सीओ और बीडीओ के साथ पहले दिन के अभियान की समीक्षा ऑनलाइन की। डीएम ने पहले दिन की उपलब्धि को संतोषजनक बताया। कहा कि लक्ष्य प्राप्ति के लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को और अधिक सक्रियता, तत्परता एवं समन्वय के साथ कार्य करना होगा। प्रत्येक पंचायत, गांव एवं टोले तक पहुंचकर पात्र किसानों का निबंधन सुनिश्चित करना होगा, ताकि कोई भी किसान सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

अभियान में सहभागी अधिकारियों व कर्मियों को लापरवाही करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। अधिकारियों को निर्देश दिया कि संतोषजनक कार्य नहीं करने वाले कृषि समन्वयकों एवं किसान सलाहकारों का वेतन स्थगित करते हुए उनसे स्पष्टीकरण मांगा जाए। बताते चलें कि जिले में कुल 135 कृषि समन्वयकों एवं 280 किसान सलाहकारों को इस काम में लगाया गया है। डीएम ने स्पष्ट किया कि केवल इन कर्मियों की ही नहीं, बल्कि सभी की जवाबदेही तय की जाएगी। किसान निबंधन एवं ई-केवाईसी सरकार की अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है। इसके आधार पर पीएम किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, फसल सहायता योजना, कृषि यंत्रीकरण अनुदान, बीज एवं उर्वरक सब्सिडी सहित अनेक लाभ सीधे प्राप्त होते हैं। डीएम ने कहा कि नौ जनवरी को विशेष अभियान की समाप्ति के उपरांत सभी वरीय पदाधिकारी रिपोर्ट सौंपेंगे। इसके आधार पर शाम 5 बजे बीडीओ, सीओ, राजस्व अधिकारी एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी के साथ समीक्षा बैठक होगी। चेतावनी दी कि इस अभियान में 70 प्रतिशत से कम उपलब्धि प्राप्त करने वाले अंचल अधिकारी एवं कर्मियों पर कठोर कार्रवाई होगी।