डीआरडीए निदेशक के पिता ने ईओयू के आरोपों पर उठाया सवाल
मनियारी निवासी सहरसा के डीआरडीए निदेशक वैभव कुमार के पिता ललित नारायण झा ने आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) के आरोपों पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि ईओयू उनकी संपत्ति को वैभव की बताकर उनके स्वत्वाधिकार को छीनना चाहती है। झा ने अपने और पत्नी के नाम की जमीन पर वैभव का कोई अधिकार नहीं होने का दावा किया।

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। मनियारी निवासी सहरसा के डीआरडीए निदेशक वैभव कुमार के पिता ललित नारायण झा ने आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) के आरोपों पर सवाल उठाया है। झा ने दावा किया कि ईओयू उनकी संपत्ति को भी वैभव की बता रही है।ललित नारायण झा के अनुसार, उन्होंने भाईयों से अलग होने के बाद 1994 से 2000 तक खेती योग्य भूमि खरीदी। इसके बाद 2011 और 2012 में अपने व पत्नी के नाम दो बार में कुल 50 डिसमिल जमीन ली। इसी भूमि पर ऐश्वर्या मैक्स ग्लो प्रा० आईटीआई स्थापित है। झा ने कहा कि इस पर निर्माण वकालत से आय, पत्नी के वेतन व हाउसिंग लोन आदि से किया।
यह वृद्वावस्था में जीवन यापन का माध्यम है। उन्होंने कहा, आईटीआई में वैभव का कुछ भी नहीं है। ईओयू इसे वैभव का बताकर मेरे स्वत्वाधिकार को छीनना चाहती है।झा ने दावा किया कि ईओयू की एफआईआर में जिन भूखंडों की चर्चा की गई है, इनमें से छह उनके व उनकी पत्नी के व्यक्तिगत स्वामित्व के हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि वैभव अपनी कमाई से पिता के नाम जमीन खरीदकर भाई-बहन को उसमें से हिस्सा क्यों देना चाहेगा? उन्होंने बताया कि उनकी आय का जरिया वकालत की प्रैक्टिस, पत्नी का वेतन, खेती, गोपालन आदि है। झा ने ईओयू पर वैभव को प्रताड़ित करने के लिए उनकी संपत्ति भी उसके नाम बताने का आरोप लगाया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


