
दीपावली के बाद चोर बाजार में गल गए चोरी के तीन करोड़ के गहने
मुजफ्फरपुर में दीपावली और छठ के मौके पर बंद घरों के ताले तोड़कर करीब 3 करोड़ रुपये के गहनों की चोरी हुई है। पुलिस ने संदिग्धों की जांच के लिए निर्देश दिए हैं और सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। चोर गिरोहों के सक्रिय होने की आशंका जताई गई है।
मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। दीपावली और छठ के समय पैतृक गांव गए लोगों के बंद घरों का ताला तोड़कर करीब तीन करोड़ रुपये के गहनों की चोरी की गई। चोर बाजार के माहिर सोनारों के ये गहने गलाए जाने की आशंका है। इसको लेकर सिटी एसपी कोटा किरण कुमार ने शहरी इलाके के थानेदारों को कई बिंदुओं पर छानबीन का निर्देश दिया है। इसके लिए हिस्ट्री शीटर और संदिग्ध चरित्र के आभूषण व्यवसायियों के मोबाइल का कॉल का सीडीआर लेकर छानबीन करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही विभिन्न जगहों पर हुई चोरी की वारदात के सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे चोरों की तस्वीर पास-पड़ोस के जिलों की पुलिस ग्रुप में भी शेयर करने के लिए कहा है।

आशंका है कि पर्व के मौके पर मुजफ्फरपुर में कई जिलों के चोर गिरोह वारदात को अंजाम देने के लिए पहुंचते हैं। फुटेज शेयर करने से अन्य जिलों के हिस्ट्री शीटर से उसका मिलान कर सुराग लगाने का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा जेल से छूटे चोरी के आरोपितों की लिस्ट लेकर उनके संबंध में जांच करने के लिए भी सिटी एसपी ने सभी थानेदारों को निर्देश दिया है। 15 अक्टूबर से लेकर अब तक हुई चोरी की वारदात में पुलिस को कोई सुराग हाथ नहीं लगे हैं। चोरी की वारदातों में फुटेज में दिख रहे चोर की पहचान भी नहीं हुई है। सबसे अधिक चोरियां मिठनपुरा, अहियापुर, ब्रह्मपुरा और सदर थाना इलाके में दर्ज कराई गई हैं। हाल में हुई बड़ी वारदात : 1. मिठनपुरा थाना के पंजाबी कॉलोनी रमना निवासी व्यवसायी जगजीत सिंह के बंद घर का ताला तोड़कर 27 अक्टूबर की रात चोरों ने एक करोड़ रुपये से अधिक के गहने की चोरी की थी। 2. मिठनपुरा थाना के पानी टंकी जिला स्कूल के पास अभिषेक कुमार के घर का ताला तोड़कर चोरों ने 26 अक्टूबर की देर शाम 25 लाख रुपये के गहने उड़ाए थे। 3. बैरिया आयाचीग्राम मोहल्ला के निवासी अभिनव कुमार के बंद घर का ताला काटकर 28 अक्टूबर की रात करीब 15 लाख रुपये के सोने के गहने की चोरी कर ली। अब तक सुराग नहीं मिले। 4. ब्रह्मपुरा के डॉ. जायसवाल गली में मिथलेश कुमार के बंद घर का ताला काटकर 30 लाख रुपये से अधिक के गहने की चोरी की गई। मोहल्ला में लगे सीसीटीवी फुटेज में चोर दिखे। 5. बैरिया के कोल्हुआ में 26 अक्टूबर की रात बंद घर का ताला काटकर 30 लाख रुपये के गहने की चोरी की गई। इसका सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हुआ, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


