Hindi NewsBihar NewsMuzaffarpur NewsMuzaffarpur Jewelers Duped Thieves Posing as Police Steal 1 5 Kg Silver
आभूषण कारोबारी को झांसा देकर डेढ़ किलो चांदी उड़ाई

आभूषण कारोबारी को झांसा देकर डेढ़ किलो चांदी उड़ाई

संक्षेप:

मुजफ्फरपुर के सोनारपट्टी में बाइक सवार बदमाशों ने फर्जी पुलिस बनकर दो आभूषण कारोबारियों से डेढ़ किलो चांदी लूट ली। ठगी का शिकार हुए कारोबारी कानपुर के रहने वाले हैं। बदमाशों ने चेकिंग के बहाने से चांदी निकाली और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Jan 19, 2026 10:52 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुर
share Share
Follow Us on

मुजफ्फरपुर, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। शहर के सोनारपट्टी में सोमवार की शाम फर्जी पुलिस बनकर बाइक सवार बदमाशों ने दो आभूषण कारोबारियों को झांसा देकर डेढ़ किलो चांदी उड़ा ली। ठगी के शिकार हुए कारोबारियों में कानपुर के नवहट्टा निवासी रोहित साहू और अंशुल सोनी शामिल हैं। बदमाशों ने उनको चेकिंग का झांसा दिया। ठगी गई चांदी की कीमत साढ़े चार लाख रुपये आंकी गई है। ठगी करने के बाद बदमाश परती टोला की ओर भाग निकले। बताया गया कि घटना से पूर्व पीड़ित दोनों आभूषण कारीगर सोमवार को कानपुर से आभूषण की डिलीवरी देने और कलेक्शन करने के लिए सुतापट्टी पहुंचे थे।

उन्होंने मुजफ्फरपुर से पहले पड़ोसी जिलों में भी छोटे-छोटे चांदी के आइटम का कलेक्शन किया था। सोनारपट्टी स्थित मां दुर्गा अलंकार में ज्वेलरी देकर वहां से भी कलेक्शन लेकर दूसरी दुकान में ऑर्डर देने के लिए जा रहे थे। मक्खन साह चौक के समीप पहले से दो बदमाश बिना नंबर के काले रंग की अपाची बाइक लगाकर बैठे थे। जैसे ही कारोबारी वहां पहुंचे कि बाइक के पास एक ने उनको आवाज देकर रोका। फिर पुलिस के नाम पर इस घटना को अंजाम दिया है। पास के एक आभूषण दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में यह पूरी वारदात कैद हो गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची नगर थाने की पुलिस ने छानबीन की है। साथ ही बाइक सवार बदमाशों के भागने की दिशा में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। वहीं पुलिस की पूछताछ में पीड़ित कारोबारी रोहित शाहू ने बताया कि कानपुर से दो अन्य कारोबारी के साथ शहर आए थे। वे सुतापट्टी में घूम रहे थे। इसी बीच बिना नंबर प्लेट के काले रंग की अपाची से दो युवक आए और खुद को पुलिस वाले बताते हुए पूछा- बैग में क्या है? जब उन्होंने बैग खोलकर दिखाया तो उसमें हाथ डाल कर डेढ़ किलो चांदी निकाल ली और कहा कि थाने पर चलिए। फिर वे थाने जाने के लिए बाइक पर बैठे और वहां से तेजी से भाग निकले। बाइक चला रहे एक युवक हेलमेट और पीछे बैठा युवक चेहरे पर मास्क लगाया था। दोनों गोरे और लंबे थे। वही एएसपी टाउन वन सुरेश कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों का सुराग तलाशा जा रहा है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;