ठंड में बिना जूता-मोजा के ही देनी पड़ी परीक्षा

Feb 02, 2026 08:22 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुर
share Share
Follow Us on

मुजफ्फरपुर में इंटर की परीक्षा 81 केंद्रों पर शुरू हुई। ठंड में कई बच्चे बिना जूते के परीक्षा में शामिल हुए। पहले दिन कई परीक्षार्थियों को समय पर नहीं पहुंचने पर परीक्षा से वंचित रहना पड़ा। जीव विज्ञान का ऑब्जेक्टिव पेपर आसान था, लेकिन सब्जेक्टिव पेपर कठिन रहा। कुल मिलाकर 200 से अधिक परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।

ठंड में बिना जूता-मोजा के ही देनी पड़ी परीक्षा

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। इंटर की परीक्षा सोमवार को जिले में 81 केंद्रों पर शुरू हुई। कदचारमुक्त परीक्षा को लेकर केंद्रों पर पूरी सख्ती रही। बिहार बोर्ड के निर्देश के तहत ठंड में बच्चों ने बिना जूता-मोजा के परीक्षा दी। कई बच्चे खाली पैर परीक्षा में शामिल हुए। पहले दिन केंद्रों पर व्यवस्था की भी परीक्षा हुई। कई केंद्रों पर 8.30 बजे तक विडियोग्राफर व पुलिसकर्मी की खोज होती रही। कई केंद्रों पर सीसीटीवी लगाने को भी हलकान रहे। इन चुनौतियों से केन्द्राधीक्षक भी हलकान रहे। पहली पाली में विलंब से आने के कारण दो दर्जन से अधिक केंद्रों पर 100 से अधिक परीक्षार्थियों की परीक्षा छूट गई।

एमएसकेबी समेत कई केंद्रों पर 9.30 बजे तक गेट पर खड़ी हो छात्राएं गुहार लगाती रहीं। छात्राओं का कहना था कि हमलोग 9.02 बजे ही पहुंच गए थे, लेकिन सभी बहस करते रहे और प्रवेश नहीं दिया। अब कह रहे कि साढ़े नौ बज रहा है। 9 बजे के बाद आने वाले दर्जनों परीक्षार्थियों की परीक्षा छूटी। इसे लेकर अभिभावक भी आक्रोशित हो उठे। अभिभावकों ने कहा कि पहला दिन था। अगर 2-3 मिनट देर हो गई तो इससे बच्चियों का भविष्य तो बर्बाद नहीं किया जाए। उधर, केन्द्राधीक्षकों और केंद्र पर तैनात मजिस्ट्रेट ने कहा कि सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है। ऐसे में हमलोग कुछ नहीं कर सकते हैं। केंद्र पर पहुंची प्रिया ने रोते हुए कहा कि जीरोमाइल से आ रहे हैं। अखाड़ाघाट पुल पर जाम की वजह से दो मिनट देर हो गई, लेकिन प्रवेश नहीं दिया गया। सेंटर कोड 3153, 3131 पर 8.39 बजे तक विडियोग्राफर नहीं पहुंचे थे, जबकि परीक्षार्थियों के प्रवेश का समय 8.30 बजे से ही है। इसी तरह सेंटर कोड 3172 पर पुलिसकर्मी 8.30 बजे तक नहीं पहुंचे थे। एलएस कॉलेज केंद्र पर परीक्षार्थी दौड़ते हुए पहुंचे। इसकी वजह से कई परीक्षार्थी गिर भी पड़े। जीव विज्ञान में ऑब्जेक्टिव आसान, सब्जेक्टिव कठिन इंटर परीक्षा के पहले दिन पहली पाली में जीव विज्ञान और फिलॉस्फी का पेपर था। जीव विज्ञान के परीक्षार्थियों ने कहा कि ऑब्जेक्टिव आसान था मगर सब्जेक्टिव थोड़ा कठिन रहा। परीक्षार्थियों का कहना था कि दोगुने विकल्प का फायदा हो रहा है। डीएन हाईस्कूल से परीक्षा देकर निकले परीक्षार्थियों ने कहा कि विडाल परीक्षण का उपयोग पूछा गया। एमएसकेबी कॉलेज, एमएसकेबी गर्ल्स स्कूल, आबेदा स्कूल से परीक्षा देकर निकल रही छात्राओं ने कहा कि टर्नर सिंड्रोम क्या है, लिंग क्रोमोजोम क्या है, पर सवाल पूछे गये। विशिष्ट पहचान अनुक्रम के बारे में भी पूछा गया। सहज प्रतिरक्षा में कोशिकीय रोध क्या है, परभक्षण के तीन लाभ बताएं, आरएनएस इंटरफेरेंस पर भी सवाल पूछा गया। पहली पाली में 157, दूसरी में 43 परीक्षार्थी अनुपस्थित जिले में पहली पाली में 13341 परीक्षार्थी आवंटित थे, जिनमें 157 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 2281 परीक्षार्थी आवंटित थे, जिनमें 43 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;