ट्रक में बने तहखाने से 150 कार्टन शराब जब्त, दो धंधेबाज गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर में उत्पाद विभाग की टीम ने सरैया थाना के मोहम्मदपुर नया टोला में एक ट्रक से 150 कार्टन विदेशी शराब बरामद की है, जिसकी कीमत लगभग 15 लाख रुपये है। दो धंधेबाज, छोटन सहनी और पंकज कुमार, को गिरफ्तार किया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
मुजफ्फरपुर, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। उत्पाद विभाग की टीम ने सरैया थाना के मोहम्मदपुर नया टोला में बुधवार को छापेमारी कर एक ट्रक से भारी मात्रा में शराब बरामद की है। ट्रक के अंदर बनाए गए तहखाने में 150 कार्टन विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी। बाजार में इसकी कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है। छापेमारी के दौरान दो धंधेबाज को भी गिरफ्तार किया गया है। उनकी पहचान मुशहरी थाना के तरौरा गोपालपुर निवासी छोटन सहनी और वैशाली जिले के लालगंज थाना के पुरैनिया निवासी पंकज कुमार के रूप में हुइ्र है। छाता चौक स्थित उत्पाद थाने में देर शाम तक दोनों धंधेबाजों से पूछताछ की जा रही थी।
टीम उनके मोबाइल की कॉल डिटेल भी खंगाली रही है। उत्पाद थानेदार दीपक कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि हरियाणा से एक ट्रक में छिपाकर विदेशी शराब की खेप लाई गई है। धंधेबाज इसको सरैया होते हुए मोतीपुर ले जाकर एक लाइन होटल के समीप लोकल धंधेबाज को सौंपेंगे। सूचना के आलोक में विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई और शराब लोड ट्रक को जब्त किया गया। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार धंधेबाज कुछ भी बताने से इनकार कर रहा है। उसका कहना है कि दोनों को 30 हजार रुपये देकर कहा गया कि ट्रक को मुजफ्फरपुर के मोतीपुर पहुंचाना है। वहां कुछ लोग आएंगे, ट्रक उनके हवाले कर देना है। उत्पाद थानेदार का कहना है कि दोनों अपने नेटवर्क के अन्य साथियों को बचाने के लिए झूठ बोल रहे हैं। दोनों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




