गोली मारकर लूटपाट में पुलिस नहीं करा सकी पहचान परेड, आरोपित को जमानत

Apr 09, 2026 01:28 am ISTArun Kumar Jha हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुर
share

मुजफ्फरपुर में 29 जून को अस्पताल संचालक मो. निजामुद्दीन पर गोली चलाने के मामले में पुलिस आरोपित आकाश कुमार की पहचान परेड नहीं करा सकी। इस वजह से कोर्ट ने आकाश को जमानत दे दी। पुलिस ने लूट के सामान बरामद किए लेकिन केस रिकार्ड में उनका उल्लेख नहीं किया।

गोली मारकर लूटपाट में पुलिस नहीं करा सकी पहचान परेड, आरोपित को जमानत

मुजफ्फरपुर, हिप्र। औराई के जोका पुल के निकट बीते वर्ष 29 जून को अस्पताल संचालक मो. निजामुद्दीन को गोली मारकर लूटपाट करने के मामले में पुलिस आरोपित पानापुर के आकाश कुमार की पहचान परेड नहीं करा सकी है। इसका लाभ आरोपित को मिला और कोर्ट ने उसे जमानत दे दी।पुलिस ने लूट की घटना के तीन दिनों के बाद गांजा के साथ आरोपित को गिरफ्तार किया था। इस दौरान उसके पास से अस्पताल संचालक से लूटा गया मोबाइल व घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद हुई थी। पुलिस ने केस रिकार्ड में इसका उल्लेख नहीं किया है। इसका लाभ देते हुए जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश-दस शैलेंद्र कुमार-प्रथम के कोर्ट ने आरोपित आकाश को दो अप्रैल को सशर्त जमानत दे दी।

इन शर्तों में उसे दस हजार के प्रतिभूति के बंध पत्र के साथ दो जमानतदारों को संबंधित कोर्ट में पेश करना होगा। इसमें एक जमानतदार निश्चित तौर पर उसका निकटम संबंधी या ग्रामीण होगा। बंध पत्र निष्पादन से पहले आरोपित से आगे इस तरह के अपराध में संलिप्त नहीं होने का लिखित आश्वासन लिया जाएगा।जमानत अर्जी पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि केस डायरी व रिकार्ड में यह बात सामने आई है कि आरोपित की पहचान परेड को लेकर पुलिस ने कुछ नहीं किया। केस के रिकार्ड में लूट की मोबाइल व अन्य जब्त सामान का उल्लेख नहीं है। घटना में इस्तेमाल बाइक की पहचान भी आईओ ने नहीं की है। कोई भी कानूनी साक्ष्य आरोपित के विरुद्ध केस के रिकार्ड में नहीं है।लूट की घटना को लेकर औराई थाना के बभनगामा पश्चिमी निवासी मो. निजामुद्दीन ने पिछले वर्ष 30 जून को बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई थी। घटना के तीन दिन बाद एक जुलाई को औराई के तत्कालीन थानाध्यक्ष राजा सिंह ने रामनगर प्रयागचक गांव के आम के बगीचे में छापेमारी कर आकाश व रामनगर के कृष्णा राज को गिरफ्तार किया था। इस दौरान सात अन्य युवक फरार हो गया। तलाशी लेने पर आकाश के पास से अस्पताल संचालक से लूटी गई मोबाइल व लूटकांड में इस्तेमाल बाइक जब्त की गई। बाइक भी लूट की निकली। बगीचे से खरीद-बिक्री के लिए रखा 63 किलो गांजा भी जब्त हुआ था।

Arun Kumar Jha

लेखक के बारे में

Arun Kumar Jha

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।