Muzaffarpur News: बीबीगंज में गणिनाथ व लदौरा में महावीर महोत्सव को मंजूरी
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर में धार्मिक और सांस्कृतिक महोत्सवों को मान्यता मिल गई है। पर्यटन विभाग ने गणिनाथ जयंती और महावीर महोत्सव के आयोजन को मंजूरी दी है। पर्यटन निदेशक उदयन मिश्रा ने जिला प्रशासन को पत्र लिखकर आयोजन की स्वीकृति दी। इस घोषणा से स्थानीय लोग उत्साहित हैं और मंत्री को बधाई दे रहे हैं।

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर, हिप्र। जिले में धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को नई पहचान मिलने की राह खुल गई है। दो प्रमुख महोत्सवों के आयोजन को पर्यटन विभाग ने मंजूरी दे दी है। इनमें बीबीगंज स्थित बाबा गणिनाथ गोविंद जी महाराज मंदिर में अगले वर्ष से गणिनाथ जयंती और कुढ़नी प्रखंड के लदौरा में महावीर महोत्सव शामिल हैं। पर्यटन निदेशक उदयन मिश्रा ने एक अक्टूबर को इस संबंध में जिला प्रशासन को पत्र जारी कर आयोजन की स्वीकृति दी है। पर्यटन निदेशालय की ओर से जारी पत्र में बताया गया है कि जिला प्रशासन की ओर से इन महोत्सवों के आयोजन की अनुमति मांगी गई थी।
इसके आलोक में दो स्थानों पर महोत्सव आयोजित करने की स्वीकृति दी गई है। विभाग ने जिला प्रशासन से आयोजन की तिथि निर्धारित करने और संभावित खर्च से संबंधित अधियाचना उपलब्ध कराने को कहा है, ताकि आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा सके। इधर, बीबीगंज स्थित बाबा गणिनाथ गोविंद जी महाराज मंदिर में अगले वर्ष से गणिनाथ जयंती पर महोत्सव आयोजित करने की मंजूरी मिलने पर अखिल भारतीय कानू हलवाई विचार मंच के बिहार प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता ने पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि पांच सितंबर को बाबा गणिनाथ के पूजनोत्सव के दौरान मंत्री ने अगले वर्ष तीन दिवसीय गणिनाथ महोत्सव कराने की घोषणा की थी। अब पर्यटन विभाग की स्वीकृति मिलने से आयोजन का रास्ता साफ हो गया है। महोत्सव की स्वीकृति पर लोगों ने मंत्री को बधाई दी है।

