
डीएम के निरीक्षण में गायब मिलीं डॉक्टर, शोकॉज
मुजफ्फरपुर के डीएम सुब्रत कुमार सेन ने मॉडल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में ओटी में डॉक्टरों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई गई। उन्होंने अस्पताल में गंदगी और अन्य सुविधाओं की कमी पर भी सवाल उठाए। डीएम ने डॉक्टरों की उपस्थिति सुनिश्चित करने और अस्पताल के कामकाज में सुधार के लिए कई निर्देश दिए।
मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। डीएम सुब्रत कुमार सेन ने गुरुवार को मॉडल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ओटी में डॉक्टर गायब मिलीं। इसपर अस्पताल अधीक्षक डॉ. बाबू साहब झा ने डॉक्टर से स्पष्टीकरण पूछा है। इसके अलावा सर्जरी कम होने पर सर्जरी विभाग के सभी डॉक्टरों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। डीएम ने निरीक्षण के दौरान ओपीडी, इमर्जेंसी, लेबर रूम और सभी वार्डों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सदर अस्पताल में गंदगी और मिट्टी के ढेर रहने पर उन्होंने नाराजगी जताई। डीएम ने एमसीएच में काउंटर पर ऑपरेटर नहीं रहने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने एमसीएच में तीन काउंटर बनाने का निर्देश दिया।
इसके अलावा मॉडल अस्पताल में प्राइवेट वार्ड को हरी झंडी दी। उन्होंने कहा कि बल्ड बैंक, माइक्रोबायोलॉजी लैब और सीएस ऑफिस मॉडल अस्पताल में शिफ्ट हो जाएं। लिफ्ट के लिए तीन लिफ्ट मैन रखने का निर्देश दिया। जीविका की छत रिसने की शिकायत पर इसे ठीक कराने का निर्देश दिया। उन्होंने महिला वार्ड में एसी लगाने को भी कहा। निरीक्षण के बाद डीएम ने अस्पताल अधीक्षक और सिविल सर्जन को कई दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की उपस्थिति ड्यूटी चार्ट के अनुरूप अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाय। सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि दवा वितरण से संबंधित प्रतिदिन की प्रविष्टि नियमित रूप से मेंटेन हो और केंद्र पर पारदर्शिता बनी रहे। अस्पताल परिसर के बाहर की दवा दुकानों की जांच ड्रग इंस्पेक्टर से कराई जाए। डीएम ने सैंपल कलेक्शन, मरीज निबंधन और रिपोर्ट जारी करने की प्रक्रिया की भी समीक्षा की। डीएम ने सामान्य मरीजों की सेवाओं के साथ-साथ इमरजेंसी वार्ड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पंजीकरण कक्ष, आइसोलेशन रूम, प्लास्टर एवं ड्रेसिंग रूम की स्थिति देखी और अस्पताल अधीक्षक को निर्देश दिया कि ऑपरेशन थिएटर हमेशा फंक्शनल रहे और तैनात सभी चार सर्जनों द्वारा माइनर व मेजर ऑपरेशन नियमित रूप से सुनिश्चित हो। निरीक्षण के दौरान उन्होंने देखा कि निर्माण स्थल पर मलबा एवं कचरा फेंका हुआ है। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए उन्होंने बीएमएसआईसीएल के डीजीएम से स्पष्टीकरण मांगा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




