तिरहुत रेंज में 276 हिस्ट्री शीटर पर लगा सीसीए
- डीआईजी की क्राइम मीटिंग में अपराध नियंत्रण की बनी रणनीति - रेंज के चारों

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। तिरहुत रेंज में 93 हत्याकांड पोस्टमार्टम रिपोर्ट और 1620 कांड जख्म जांच प्रतिवेदन के लिए लंबित हैं। अगस्त में मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर और वैशाली जिले में अब तक 276 हिस्ट्रीशीटर पर चुनाव के मद्देनजर सीसीए-3 लगाया गया है। वहीं, 782 को नाम गुंडा पंजी में दर्ज किया गया। रेंज में 3143 आपराधिक वारदात दर्ज किए गए हैं। जबकि, बीते एक माह के दौरान 251 अभियुक्तों को कोर्ट से सजा सुनाई गई। यह रिपोर्ट सोमवार को डीआईजी चंदन कुशवाहा की क्राइम मीटिंग में जिलों के पुलिस कप्तानों ने सौंपी है। क्राइम मीटिंग में डीआईजी ने आदेश दिया कि जो हाजिरी नहीं लगाता है, वारंट लेकर उसे गिरफ्तार करें।
जो आईओ एक माह में तीन केस का निष्पादन नहीं करेगा उसके खिलाफ विभागीय कार्यवाही चलाएं। डीआईजी ने बताया है कि बैठक में रेंज के चारों जिलों के 11 इंस्पेक्टर को आर्थिक उन्नयन का लाभ देने का प्रस्ताव प्राप्त हुआ। इसमें 2 अयोग्य पाये गये। योग्य नौ इंस्पेक्टर को लाभ दिलाने का प्रस्ताव मुख्यालय भेजा जा रहा है। समीक्षा में पाया गया कि अगस्त में तिरहुत क्षेत्र के जिले के कोर्ट में 363 पुलिस पदाधिकारी, 46 चिकित्सक व 1277 अन्य गवाहों का बयान कराया गया। डीआईजी ने इसमें और तेजी लाने का निर्देश दिया। जो पुलिस कर्मी निर्धारित तिथि पर गवाही नहीं देते हैं तो उन पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। अगस्त में मुजफ्फरपुर में 143 वाद में 251 अभियुक्तों को, वैशाली में 220 कांडों में 259 अभियुक्तों को, सीतामढ़ी में 185 कांडों में 498 अभियुक्तों को एवं शिवहर में 134 कांडों में 144 अभियुक्तों को दोषी करार दिया गया, जिसमें दो अभियुक्तों को आठ वर्ष, पांच अभियुक्तों को 10 वर्ष, एक अभियुक्त को 20 वर्ष और नौ अभियुक्तों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। तिरहुत क्षेत्र में 3143 आपराधिक कांड दर्ज किये गये, जबकि नए व पुराने 3653 कांडों का निष्पादन किया गया। कांडों के निष्पादन में और तेजी लाने का आदेश दिया गया। डीआईजी ने बताया कि विशेष प्रतिवेदन-2 निर्गत करने के लिए मुजफ्फरपुर में 130 कांड लंबित थे, माह के दौरान 320 नए कांड दर्ज किये गये। जिसके विरूद्ध 390 कांडों में विशेष प्रतिवेदन-02 निर्गत किया गया है। सराहनीय कार्य के लिए मुजफ्फरपुर के सिटी एसपी एवं ग्रामीण एसपी को प्रशस्ति पत्र दिया गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




