शातिरों की गिरफ्तारी के बाद भी रुक नहीं रहा अपराध
मुजफ्फरपुर में शातिर अपराधियों की गिरफ्तारी के बावजूद आपराधिक घटनाएं जारी हैं। पुलिस का दावा है कि 2024 की तुलना में 2025 में हत्या, डकैती, चोरी और दुष्कर्म की घटनाओं में कमी आई है। पुलिस ने पिछले वर्ष 8525 शातिरों को गिरफ्तार किया और बड़ी मात्रा में अवैध सामान जब्त किया। शराब के धंधे पर रोक के बावजूद, यह जारी है।

मुजफ्फरपुर, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। जिले में शातिरों की गिरफ्तारी के बाद भी आपराधिक घटनाएं नहीं रुक रही हैं। जिले में अक्सर हत्या, दुष्कर्म, लूट, फायरिंग चेन छिनतई, चोरी या अन्य घटनाएं घटती रहती है। हालांकि, पुलिस प्रशासन का दावा है कि वर्ष 2024 की तुलना में आपराधिक घटनाओं में कमी आई है। अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा कसा है। कई गंभीर मामले का उद्भेदन कर आरोपितों को जेल भेजा गया है। मामले की जांच कर कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की गई है। पुलिस विभाग की ओर से जारी आकड़ों के अनुसार पिछले वर्ष आपराधिक घटनाओं में संलिप्त 8525 शातिरों को गिरफ्तार किया गया।
इनसे 160 अवैध आर्म्स, 315 कारतूस, 706 वाहन व 341 मोबाइल जब्त किए गए हैं। पुलिस विभाग ने दावा किया है कि वर्ष-2024 की तुलना में 2025 में हत्या की घटना में 9.68 प्रतिशत, डकैती में 33.3 प्रतिशत, चोरी में 15.25 प्रतिशत व दुष्कर्म में 17.02 प्रतिशत की कमी आई है। डायल 112 के माध्यम से आमलोगों तक पुलिस के पहुंचने के रिस्पांस टाइम में कमी आई है। 2024 में यह रिस्पांस टाइम 26 मिनट था। 2025 में यह 15 मिनट रहा। 2026 के जनवरी में यह रिस्पांस टाइम 13 मिनट चार सेकेंड पर आ गया है। रोक के बाद भी चल रहा शराब का धंधा: शराब पर रोक के बाद भी जिले में यह धंधा बंद नहीं हुआ है। पिछले वर्ष पुलिस व उत्पाद विभाग ने लगभग 3.94 लाख लीटर शराब जब्त की थी। पुलिस व उत्पाद विभाग ने 7647 लोगों को गिरफ्तार किया। इसमें से ज्यादातर पियक्कड़ थे। पुलिस व उत्पाद विभाग पियक्कड़ों व छोटे-छोटे धंधेबाजों को गिरफ्तार करती है, लेकिन बड़े धंधेबाज तक पहुंच नहीं पाती है। इससे शराब की आवाजाही रुक नहीं रही है। सहायक आयुक्त (उत्पाद) विजयशेखर दुबे ने बताया कि शराब के धंधे के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस कारण ही इतनी बड़ी मात्रा में शराब जब्त की गई है। बड़े धंधेबाजों पर विशेष फोकस किया जा रहा है, ताकि शराब की सप्लाई चेन को तोड़ा जा सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


