Muzaffarpur News: मुशहरी के तत्कालीन सीओ सहित चार पर प्राथमिकी का आदेश
Muzaffarpur News: - सदर थाना के धर्मपुर गांव के भोला साह के परिवाद पर सीजेएम कोर्ट का

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर, हिप्र। मुशहरी के तत्कालीन सीओ महेंद्र शुक्ला, आरओ करुण कुमार, राजस्व कर्मचारी विकास कुमार व धर्मपुर के महेश्वर साह पर एफआईआर दर्ज कर जांच का आदेश दिया गया है। सदर थाना के धर्मपुर गांव के भोला साह के परिवाद की सुनवाई के बाद मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सीजेएम के कोर्ट ने यह एफआईआर का आदेश दिया है। भोला साह ने केवाला से प्राप्त जमीन गलत तरीके से उसके भाई महेश्वर साह के नाम से दाखिल-खारिज करने का आरोप लगाते हुए विगत दो मार्च को सीजेएम कोर्ट में परिवाद दाखिल किया था। कोर्ट ने इस संबंध में एडीएम से रिपोर्ट मांगी थी। स्मार पत्र भेजे जाने व कारण पृच्छा का जवाब नहीं देने पर कोर्ट ने चारों पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच का आदेश दिया है। मालूम हो कि अहियापुर थाने में दर्ज एक मामले में सीओ व राजस्व कर्मचारी फिलहाल जेल में है।
परिवाद में लगाए गए आरोप
परिवाद में यह आरोप :
परिवाद में 72 वर्षीय भोला साह ने कहा है कि मुशहरी अंचल के धर्मपुर मौजा में मो.मनीरूद्दीन से 12 जनवरी 1979 को एक एकड़ 26 डिसमिल जमीन केवाला से प्राप्त किया था। पिछले 47 वर्षों से इस जमीन पर उसका दखल-कब्जा चला आ रहा है। पिछले 26 फरवरी को जब उसका बड़ा बेटा अगले वर्ष का राजस्व लगान जमा करने गया था। तब उसे पता चला कि उक्त जमीन में से कुल 41 डिसमिल जमीन बिना उसकी जानकारी व सहमति तथा आम-खास नोटिस के गलत तरीके से महेश्वर साह के नाम से दाखिल-खारिज कर दिया गया। इस जमीन पर तत्कालीन सीओ, आरओ व राजस्व कर्मचारी भी पहुंचे थे। जब उसने शिकायत की तो झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर भगा दिया।

