Hindi NewsBihar NewsMuzaffarpur NewsMuzaffarpur CLF Receives National Award at Telangana Conference
जीविका दीदी को तेलंगाना में मिला पुरस्कार

जीविका दीदी को तेलंगाना में मिला पुरस्कार

संक्षेप:

मुजफ्फरपुर के आनंद संकुल स्तरीय संगठन (सीएलएफ) सकरा को हैदराबाद में आयोजित विशेष सम्मेलन में 40 हजार रुपये का चेक और पुरस्कार मिला। इस सम्मेलन में बिहार की जीविका दीदियों ने महिला सशक्तीकरण और आजीविका कार्यक्रमों के अनुभव साझा किए। जिलाधिकारी ने उनके कार्यों की सराहना की और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Nov 25, 2025 01:12 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुर
share Share
Follow Us on

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। मुजफ्फरपुर के आनंद संकुल स्तरीय संगठन (सीएलएफ) सकरा को हैदराबाद में एपमॉस तेलंगाना द्वारा आयोजित विशेष सम्मेलन में 40 हजार रुपये का चेक, शील्ड, प्रमाण पत्र आदि देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान योजना आयोग तेलंगाना के उपाध्यक्ष डॉ. चिन्ना रेड्डी ने दिया है। इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में देशभर के 18 राज्यों को आमंत्रित किया गया था, जिसमें कुल 450 संकुल स्तरीय संगठनों ने भागीदारी हेतु निबंधन कराया। सघन मूल्यांकन एवं चयन प्रक्रिया के बाद केवल 13 सीएलएफ को विभिन्न जोनों से राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कार के लिए चुना गया। पूर्वी जोन में आनंद सीएलएफ, सकरा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर बिहार के लिए गौरव हासिल किया।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

संगठन की ओर से कार्यक्रम में रूबी कुमारी व सुशीला कुमारी ने पुरस्कार ग्रहण किया। वर्तमान में संगठन की अध्यक्षा सुशीला देवी तथा सचिव शांति देवी हैं। हैदराबाद में आयोजित इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में बिहार की जीविका दीदियों ने शिरकत करते हुए राज्य में जीविका के माध्यम से संचालित विभिन्न आजीविका कार्यक्रमों, महिला सशक्तीकरण से जुड़े नवाचारों तथा सरकार की योजनाओं को जमीन पर उतारने के अपने अनुभव साझा किए। उनकी कार्यशैली, प्रतिबद्धता और नवाचार की व्यापक रूप से सराहना की गई। सम्मेलन से लौटने के बाद आनंद सीएलएफ की पूरी टीम ने जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन से मिलकर पुरस्कार की जानकारी दी और अनुभव साझा किया। जिलाधिकारी ने जीविका दीदियों के निरंतर रचनात्मक, नवोन्मेषी एवं प्रभावी कार्यों की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर प्रगति की शुभकामनाएं दीं।