Hindi NewsBihar NewsMuzaffarpur NewsMuzaffarpur Assembly Elections Ward Councilors Align Politically Amidst Independent Candidates
मुजफ्फरपुर नगर की राजनीति गरमाई, पार्षदों के बीच खींचतान तेज

मुजफ्फरपुर नगर की राजनीति गरमाई, पार्षदों के बीच खींचतान तेज

संक्षेप: मुजफ्फरपुर विधानसभा सीट पर वार्ड पार्षदों के बीच चुनावी खेमेबंदी शुरू हो चुकी है। वार्ड 20 के पार्षद संजय कुमार केजरीवाल और वार्ड 23 के पार्षद कन्हैया कुमार ने निर्दलीय रूप से चुनावी मैदान में उतरा...

Sun, 26 Oct 2025 07:23 AMNewswrap हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुर
share Share
Follow Us on

मुजफ्फरपुर विधानसभा सीट को लेकर शहर में वार्ड पार्षदों के बीच भी चुनावी खेमेबंदी हो रही है। इसकी दो अहम वजह है। पहली तो अधिकतर पार्षद या पार्षद पति पहले से ही प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े रहे हैं। इसके अलावा पहली बार विधानसभा चुनाव में दो वार्ड पार्षदों ने दावेदारी की है। इनमें वार्ड 20 के पार्षद संजय कुमार केजरीवाल और वार्ड 23 के पार्षद कन्हैया कुमार शामिल हैं।

दोनों निर्दलीय मैदान में उतरे हैं। जन सुराज के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे केजरीवाल पार्टी से टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय मैदान में हैं। दूसरी ओर, कन्हैया की दावेदारी ने कई पार्षदों को भी चौंकाया है। बहरहाल, वोटों के अंकगणित को अपने पक्ष में करने के लिए हर स्तर पर सियासी बिसात बिछाई जा रही है। चुनावी सीन में विभिन्न प्रत्याशियों के पक्ष में करीब डेढ़ दर्जन पार्षद खुल कर सामने आ चुके हैं।

हाल में हुए नामांकन के दौरान संबंधित उम्मीदवारों के समर्थन में कई पार्षदों ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई थी। इसके अलावा परदे के पीछे से भी कई पार्षद सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। चुनावी प्रचार परवान चढ़ने के बीच पार्षदों का हर खेमा विरोधी या निष्पक्ष चेहरों के अपने पाले में करने की जुगत भिड़ा रहा है। इसके लिए गुप्त संपर्क साधने के साथ रिश्तेदारों के जरिए भी डोरे डाले जा रहे हैं।