नामांकन दाखिल : तीसरे दिन तीन निर्दलीय समेत 12 प्रत्याशियों ने भरे पर्चे
संक्षेप: मुजफ्फरपुर विधानसभा चुनाव के पहले चरण में नामांकन के तीसरे दिन 12 प्रत्याशियों ने पर्चे दाखिल किए। इनमें जन सुराज पार्टी से डॉ. अमित कुमार दास शामिल हैं। उन्होंने विकास के लिए प्राथमिकताएं बताई और...

मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। विधानसभा चुनाव के पहले चरण में नामांकन के तीसरे दिन मंगलवार को 12 प्रत्याशियों ने पर्चे दाखिल किए। मीनापुर से एक व कांटी से दो निर्दलीय प्रत्याशियों समेत नौ दलीय प्रत्याशियों ने भी पर्चे दाखिल किए। इनमें जन सुराज पार्टी से मुजफ्फरपुर नगर विधानसभा सीट से डॉ. अमित कुमार दास भी शामिल हैं। नगर भवन में नगर आयुक्त सह निर्वाची पदाधिकारी विक्रम वीरकर के समक्ष डॉ. दास ने दो सेट में नामांकन दाखिल किया। इसके बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में शहर के विकास के लिए अपनी प्राथमिकताएं गिनाईं। शहर में जाम की समस्या को रेखांकित किया। नामांकन के लिए घर से जब वे निकले तो उनके साथ उनकी पत्नी व बच्चे भी थे।
सबसे पहले बगलामुखी मंदिर गए। वहां आशीर्वाद लेकर दाता कंबल शाह मजार गए। वहां चादर चढ़ाई। फिर गरीबनाथ धाम व देवी मंदिर गए। वहां पूजा-अर्चना की। गुरुद्वारा में माथा टेका। फिर चर्च भी गए। प्रत्याशियों ने कहा कि नामांकन के लिए घर से निकलते वक्त उन्होंने मुजफ्फरपुर के सर्वांगीण विकास की कामना की। उनके साथ समर्थकों का कारवां भी चल रहा था। समाहरणालय व उसके आसपास काफी चहल-पहल थी। इन्होंने दाखिल किए नामांकन 90-मीनापुर सीट से रमेश कुमार निर्दलीय, जितेन्द्र प्रसाद राष्ट्रीय जन संभावना पार्टी, 91-बोचहां (अजा) से राजगीर पासवान बज्जिकांचल विकास पार्टी, 92-सकरा (अजा) से रामसेवक पासवान एसयूसीआई पार्टी, 93-कुढ़नी से अजय कुमार सहनी एसयूसीआई पार्टी, 94-मुजफ्फरपुर से डॉ. अमित कुमार दास जन सुराज पार्टी, 95-कांटी से लालबाबू राय एसयूसीआई पार्टी, आनंद कुमार झा लोक चेतना दल, उमेश पासवान निर्दलीय, देवनारायण साह निर्दलीय, 96-बरूराज से माधव भक्त एसयूसीआई पार्टी, 98-साहेबगंज से सुखारी दास एसयूसीआई पार्टी। इससे पहले सोमवार को साहेबगंज से निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर विक्की कुमार ने नामांकन दाखिल किया था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




