Muzaffarpur News: अहियापुर में युवक की गोली मारकर हत्या, बाइक खड़ी कर रखा शव
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र में राकेश कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसका शव बाइक पर औंधे मुंह मिला। राकेश के परिजनों ने पुलिस को बताया कि उसका कुछ लोगों से विवाद था। पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। अहियापुर थाना के कोल्हुआ चौर में मंगलवार रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसका शव बुधवार सुबह कोल्हुआ ढाब में कच्ची सड़क पर बाइक पर औंधे मुंह पड़ा हुआ मिला। उसके माथे में आगे से गोली मारी गई है।
मृतक की पहचान
मृतक राकेश कुमार मूलरूप से मोतीपुर का निवासी था और परिवार के साथ कोल्हुआ गांधी नगर में रहता था। वह होर्डिंग-बैनर लगाने का काम करता था। बाइक स्टैंड पर खड़ी थी और राकेश का शव को सीट पर हैंडल की ओर झुका कर औंधे मुंह रखा गया था। शव में मिट्टी लगी थी और टी-शर्ट ऊपर की ओर सीने तक उठा हुआ था। इससे आशंका है कि हत्या से पहले उठापटक हुई होगी। गोली मारने के बाद शव को उठाकर बाइक पर रखा गया होगा। मामले मं राकेश की मां आभा देवी के बयान पर पुलिस ने सात लोगों पर पुराने विवाद में गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस की कार्रवाई
आभा देवी ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे राकेश से मोबाइल पर अंतिम बार बात हुई थी। तब उसने बताया था कि थाना पर पुलिस ने आवेदन पर हस्ताक्षर करने के लिए बुलाया था। वहां से वापस लौट रहा हूं। इसके बाद राकेश का मोबाइल बंद हो गया। देर रात तक जब वह नहीं लौटा तो उसकी खोजबीन की। लेकिन, कहीं उसका पता नहीं चला। सुबह पुलिस ने फोन कर सूचना दी कि कोल्हुआ में शव मिला है। आकर देखा तो वह राकेश का शव था।
पारिवारिक विवाद
राकेश के भाई ने बताया कि तीन साल से भाई का कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। कई बार मारपीट हो चुकी है। 10 दिन पहले भी मारपीट हुई थी। इसको लेकर थाने में भी आवेदन दिया गया था। लेकिन, पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं हुई। मंगलवार को भी दिन में मारपीट हुई थी। इसके बाद राकेश फिर से थाने पर गया था। रात में आवेदन पर हस्ताक्षर के लिए बुलाया गया था। इसके बाद रात साढ़े आठ बजे से उनका मोबाइल बंद हो गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार हत्या में कांटी, कोल्हुआ, मोतीपुर और नगर थाना इलाके के सात लोगों को नामजद आरोपित बनाया गया है। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
बयान :
पुलिस का बयान
होर्डिंग बैनर लगाने वाले राकेश की गोली मारकर हत्या की गई है। उसका कुछ लोगों से विवाद था। परिजनों ने पुराने विवाद में गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया है। सात लोगों के खिलाफ एफआईआर हुई है। राकेश के मोबाइल का लोकेशन व सीडीआर निकाला जा रहा है।
-विनीता सिन्हा, एसडीपीओ टाउन-2
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


