श्मशान से महिला का अधजला शव बरामद, पांच लोगों पर हत्या का केस
मोतीपुर के मंगुरहिया गांव में श्मशान से झुनझुन देवी (35) का अधजला शव बरामद हुआ। उनके पति पंकज गिरि सहित पांच लोगों पर हत्या का आरोप है। झुनझुन के पिता ने बताया कि दामाद और ससुरालवालों ने बाइक की मांग...

मोतीपुर, हिन्दुस्तान संवाददाता। मंगुरहिया गांव स्थित श्मशान से बरुराज पुलिस ने बीते बुधवार की देर रात महिला का अधजला शव बरामद किया है। वह पंकज गिरि की पत्नी झुनझुन देवी (35) थी। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही शव जला रहे ससुराल के लोग भाग गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। मामले को लेकर झुनझुन के पिता पूर्वी चंपारण जिले के कल्याणपुर थाने के पंचखरवा निवासी सुधीर गिरि ने अहियापुर थाना में बयान दर्ज कराया है। इसमें दामाद पंकज गिरि, ससुर गणेश गिरि, दिनेश गिरि समेत पांच लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। उसने पुलिस को बताया कि पुत्री की शादी बरुराज थाने के मंगुरहिया निवासी गणेश गिरि के पुत्र पंकज गिरि के साथ की थी। उस दौरान उपहार स्वरूप सामान भी दिया था। शादी के एक साल बाद से ससुरालवाले बाइक की मांग करने लगे। पुत्री के इंकार करने पर आरोपित बुरी तरह से पिटाई करते थे। इसको लेकर कई बार पंचायत भी हुई थी। बीते बुधवार को पुत्री की हत्या कर ससुरालवाले शव को श्मशान घाट ले जाकर जला रहे थे। इसी बीच ग्रामीणों ने मोबाइल पर सूचना दी। उसके बाद बरुराज थाना को घटना की जानकारी दी।
थानाध्यक्ष संजीव कुमार दुबे ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर मायके वालों को सौंप दिया गया है। महिला के पिता सुधीर गिरि द्वारा अहियापुर थाना में बयान दिया गया है। छानबीन की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।