Hindi NewsBihar NewsMuzaffarpur NewsMurder Case Woman Killed by Husband and In-Laws Over Not Having a Son in Muzaffarpur
बेटा नहीं होने से नाराज पति ने की पत्नी की हत्या, शव बोरे में रखकर फेंका

बेटा नहीं होने से नाराज पति ने की पत्नी की हत्या, शव बोरे में रखकर फेंका

संक्षेप:

मुजफ्फरपुर में एक महिला फूलो देवी की हत्या उसके पति और ससुराल वालों ने बेटे के न होने की वजह से कर दी। शव को बोरे में रखकर बूढ़ी गंडक नदी में फेंक दिया गया। महिला 22 जनवरी से लापता थी और उसके भाई ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Jan 30, 2026 08:44 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुर
share Share
Follow Us on

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। सिकंदरपुर थाना के वार्ड 17 अंतर्गत बालूघाट गली नंबर तीन में बेटा नहीं होने से नाराज पति व ससुराल वालों ने फूलो देवी (31) की हत्या कर दी। शव बोरे में रखकर आश्रमघाट पर बूढ़ी गंडक नदी में गिरने वाले नाले के मुहाने पर फेंक दिया। बोरे को कुत्तों ने नोचा तो शुक्रवार को नदी किनारे क्रिकेट खेल रहे बच्चों की नजर शव पर पड़ी। उनके शोर मचाने पर आसपास के लोग वहां जुट गए और इसकी सूचना सिकंदरपुर पुलिस को दी। शव मिलने की सूचना पर मौके पर पहुंचे फूलो के भाई शिवनाथ साह ने उसकी पहचान की।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

उसने वहां पहुंचे सिटी एसपी मो. मोहिबुल्लाह अंसारी व एसडीपीओ टाउन वन सुरेश कुमार को बताया कि फूलो 22 जनवरी से लापता थी। उसकी भगिनी चुलबुली ने मां के गायब होने की जानकारी अपने नाना सीतामढ़ी के महिंदवारा थाना के हाजीपुर वार्ड 13 निवासी लक्ष्मी साह को दी। इसके बाद उन्होंने सिकंदरपुर थाने में बीते 25 जनवरी को हत्या की नीयत से फूलो के अपहरण की आशंका जताते हुए एफआईआर दर्ज कराई। इसमें उन्होंने फूलो के पति संतोष साह और उसके तीन भाइयों को नामजद किया था। शिवनाथ ने आरोप लगाया कि बेटा नहीं होने से संतोष व उसके परिवार वाले नाराज थे। इस कारण ही उसकी बहन की हत्या की गई। यह भी आरोप लगाया कि पुलिस एफआईआर दर्ज कर चुप बैठी रही। संतोष या उसके भाइयों को बुलाकर पूछताछ नहीं की। इस बीच फूलो की हत्या कर शव को बोरे में रखकर फेंक दिया गया। एफएसएल व पुलिस की छानबीन के बाद सिटी एसपी ने बताया कि शव तीन से चार दिन पुराना लग रहा है। इससे आशंका है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद फूलो की हत्या कर दी गई। शव को ठिकाने लगाने के लिए बोरा में रखकर नदी किनारे फेंका गया। बताया कि आरोपित संतोष कृष्णा टॉकिज के सामने ठेला पर जूस का कॉर्नर लगाता है। शव मिलने के बाद पुलिस ने संतोष व उसके भाइयों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की। सभी तीन दिन से फरार हैं। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।