अपहरण के बाद कमरे में कैद किशोरी बरामद
मुजफ्फरपुर के डुमरी रोड से गायब किशोरी को पुलिस ने बरामद किया। किशोरी ने बताया कि उसे एक हाइवा चालक ने बहला-फुसलाकर 20 दिन पहले मुजफ्फरपुर लाया था। यहां उसे कैद किया गया और यौन शोषण का प्रयास किया गया। किशोरी की मां और भाई ने उसकी मानसिक स्थिति के बारे में जानकारी दी।

मुजफ्फरपुर, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। सुपौल जिले के नदी थाना क्षेत्र के निर्मली इलाके से गायब किशोरी को डुमरी रोड स्थित एक घर से सोमवार को पुलिस ने बरामद कर लिया। फिलहाल सदर थाने में रखकर उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उसने बताया कि करीब 20 दिन पहले हाइवा के एक चालक ने उसे बहला फुसलाकर मुजफ्फरपुर लाया था। यहां डुमरी रोड स्थित अपने दीदी के कमरे में पांच दिनों तक रखा। इसके बाद बगल के ही एक मकान के कमरे में बंद कर दिया। बाहर नहीं निकलने देता था। किशोरी ने पुलिस को बताया कि इस बीच आरोपित ने उससे शादी भी कर ली थी।
कई बार यौन शोषण का प्रयास भी किया। इसका विरोध करने पर आरोपित ने उसके साथ गाली गलौज और मारपीट की।किशोरी की बरामदगी की जानकारी मिलते ही सुपौल से मां और बड़े भाई सदर थाना पहुंचे। इन दोनों ने पुलिस को बताया कि किशोरी मानसिक रूप से थोड़ा विक्षिप्त है। रांची से उसका इलाज चल रहा है। 20 दिन पूर्व घर से वह अचानक लापता हो गई। खोजबीन के दौरान पता चला कि मुजफ्फरपुर के डुमरी रोड का रहने वाले हाइवा चालक भोला कुमार उनकी पुत्री को बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया है। इसके बाद उन्होंने सुपौल के नदी थाने में इसकी शिकायत की थी।इधर, सदर थानेदार अस्मित कुमार ने बताया कि डायल 112 पर एक शिकायत मिली थी कि डुमरी रोड स्थित एक घर में किशोरी को बंद कर रखा गया है। इसके बाद किशोरी को सकुशल बरामद कर रखा गया है। संबधित थाने को इसकी सूचना दे दी गई है। पुलिस के आने पर किशोरी को उसके हवाले सुपुर्द कर दिया जाएगा। बताया गया कि किशोरी पांच भाई बहन है। इसमें से एक की मौत हो चुकी है। पिता भी जीवित नहीं हैं। मां मजदूरी कर पूरे परिवार का भरण पोषण करती है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


