आग लगने से 50 लाख की संपत्ति जलकर राख
केशोपुर पंचायत के सेमरा गांव में रविवार को भीषण आग लग गई, जिसमें 17 घर जल गए। आग से करीब 50 लाख का नुकसान हुआ और कई मवेशियों की मौत हो गई। ग्रामीणों की तत्परता से और दमकल टीम की मदद से आग पर काबू पाया गया। अग्निपीड़ितों को प्रशासन ने तुरंत सहायता देने का आश्वासन दिया है।

सकरा, हिन्दुस्तान संवाददाता। केशोपुर पंचायत के वार्ड 14 सेमरा गांव में रविवार को भीषण आग लग गई। इसमें 17 घर जलकर राख हो गए। इस दौरान कई रसोई गैस सिलेंडर विस्फोट कर गए। जिला मुख्यालय, सकरा थाना और वैशाली जिले के पातेपुर से पहुंची दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया। ग्रामीणों ने बताया कि आग से करीब 50 लाख की संपत्ति का नुकसान हुआ है। कई मवेशियों की जलकर मौत हो गई। सिलेंडर विस्फोट से निकली चिंगारी करीब 50 मीटर दूर एक घर पर गिर गई। हालांकि, ग्रामीणों की तत्परता से घर जलने से बच गया। ग्रामीणों ने बताया कि आग भड़क जाती तो सकरा व वैशाली जिले के हसनसराय गांव के चौर में गेहूं की फसल जलकर रख हो जाती।
सकरा थानेदार कमलेश कुमार और प्रभारी सीओ संजीव कुमार ठाकुर मौके पर पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने दमकल में पानी नहीं होने पर हंगामा किया।मुखिया दिनेश पुष्पम ने अंचल प्रशासन से मुआवजा देने की मांग की है। अग्निपीड़ितों में रामजतन महतो, अशोक महतो, शंभू महतो, अन्नू कुमार महतो, राकेश महतो, राजू कुमार, रामविलास महतो, रोशन कुमार, रामेश्वर महतो, योगेंद्र महतो, धर्मेंद्र महतो, नथुनी महतो, विशुनदेव प्रसाद, रणवीर कुमार, राधा प्रसाद व अभिषेक कुमार शामिल हैं। इधर, सकरा के प्रभारी सीओ संजीव कुमार ठाकुर ने बताया कि अग्निपीड़ितों को तत्काल प्लास्टिक शीट उपलब्ध करा दी गई है। सोमवार को बीस-बीस हजार रुपए दिए जाएंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


