
सर्वजन दवा सेवन अभियान का शुभारंभ
गायघाट में सर्वजन दवा सेवन अभियान की शुरुआत हुई। बीडीओ डॉ. संजय कुमार राय और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एनजी रब्बानी ने दवा दी। अभियान का लक्ष्य 3 लाख 20 हजार 826 लोगों को दवा देना है। 145 टीमों के माध्यम से यह अभियान सभी गांवों में चलाया जाएगा। गर्भवती महिलाओं और 2 साल से छोटे बच्चों को दवा नहीं दी जाएगी।
गायघाट,एक संवाददाता। सीएचसी में बुधवार को सर्वजन दवा सेवन अभियान की शुरुआत की गई। फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत बीडीओ डॉ. संजय कुमार राय एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एनजी रब्बानी ने खुद दवा खाने के बाद अन्य लोगों को दवा खिलाया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि यह अभियान प्रखंड क्षेत्र के सभी गांवों में चलाया जा रहा है। अभियान के तहत कुल 3 लाख 20 हजार 826 लोगों को दवा खिलाने का लक्ष्य है। इसके लिए 145 टीमों का गठन किया गया है, जिनमें आशा, आंगनबाड़ी सेविका सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि पांच वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों के लिए दवा का सेवन अनिवार्य है।
दवा देने से पहले लोगों की ऊंचाई मापी जाएगी, उसी के अनुसार दवा की मात्रा निर्धारित की जाएगी। गर्भवती एवं धात्री महिलाएं, गंभीर बीमारी से ग्रसित व्यक्ति तथा दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों को यह दवा नहीं दी जाएगी। स्वास्थ्य कर्मी अपनी निगरानी में ही दवा का सेवन कराएंगे। डॉ. रब्बानी ने बताया कि जिन लोगों के शरीर में फाइलेरिया का परजीवी मौजूद है, उन्हें दवा सेवन के बाद सिरदर्द, उल्टी या बुखार जैसे हल्के लक्षण दिखाई दे सकते हैं, लेकिन घबराने की आवश्यकता नहीं है। यह समस्या स्वतः ठीक हो जाती है। इस मौके पर प्रखंड कृषि पदाधिकारी अभिषेक कुमार, मध्याह्न भोजन प्रभारी चंदन कुमार, हेल्थ मैनेजर भास्कर शर्मा, सामाजिक उत्प्रेरक मुकेश कुमार सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




