बैठक नहीं होने से नाराज आयोजक करेंगे भूख हड़ताल
मुजफ्फरपुर में अमर शहीद बैकुंठ शुक्ल स्मृति समारोह समिति 23 अप्रैल से आमरण भूख हड़ताल शुरू करेगी। समिति ने जिला समन्वय समिति की बैठक न होने के कारण यह निर्णय लिया है। पिछले 13 अप्रैल को बैठक का आश्वासन दिया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

मुजफ्फरपुर, वसं। अमर शहीद बैकुंठ शुक्ल स्मृति समारोह समिति आगामी 23 अप्रैल से आमरण भूख हड़ताल करेगी। इसका कारण अमर शहीद बैकुंठ शुक्ल स्मृति समारोह के लिए गठित जिला समन्वय समिति की बैठक नहीं होना है। इसकी जानकारी समिति के संस्थापक सचिव अरुण कुमार शुक्ला ने शनिवार को दी।उन्होंने कहा कि समारोह के आयोजन को लेकर एक प्रस्ताव डीएम को दिया गया था। इसपर गत 13 अप्रैल को एसडीओ पश्चिमी ने डीएम सुब्रत कुमार सेन और नगर आयुक्त से बात कर जिला समन्वय समिति की बैठक बुलाने का आश्वासन दिया था। लेकिन, पांच दिन बीतने के बाद भी बैठक को लेकर किसी तरह की पहल नहीं की गई है।
जबकि, इसके लिए दो बार पत्र भेजकर स्मरण भी कराया जा चुका है। इस संबंध में सदस्यों ने एक बैठक कर चरणबद्ध आंदोलन का निर्णय लिया है। इसके अनुसार 20 से 22 अप्रैल तक सांकेतिक भूख हड़ताल और 23 अप्रैल से नगर निगम कार्यालय के समक्ष आमरण भूख हड़ताल की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


