
आगरा एक्सप्रेसवे पर बैरियर तोड़कर खाई में गिरी बस, कांटी के पांच यात्री घायल
काकोरी में आगरा एक्सप्रेसवे पर एक बेकाबू बस ने टोल बैरियर में टकराकर खाई में गिर गई। इस हादसे में 12 यात्री घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर है। चालक को झपकी आने के कारण यह दुर्घटना हुई।
काकोरी में आगरा एक्सप्रेसवे पर टोल दो के पास शुक्रवार तड़के 4.30 बजे बेकाबू बस ने बैरियर में जबरदस्त ठोकर मार दी। उसके बाद अनियंत्रित होकर बस खाई में जा गिरी। हादसे में कांटी थाना क्षेत्र के कलवारी गांव के पांच समेत 12 यात्री घायल हो गए। वहीं, सात को आंशिक चोट लगी है। इस दौरान चीख-पुकार मच गई। पुलिस और टोल कर्मियों की मदद से यात्रियों को बस से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। बस आनंद विहार से 45 यात्रियों को लेकर मुजफ्फरपुर जा रही थी। चालक और उपचालक बस छोड़कर फरार हो गया।

गयाजी निवासी सागर कुमार (21) की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। चोटिल अरविंद कुमार ने बताया कि चालक तेज रफ्तार में बस चला रहा था। उन्होंने चालक को एक बार टोका भी था। कुछ दूर तक ठीक से बस चलाया। इसके बाद चालक को झपकी आ गई। इस दौरान बैरियर तोड़कर बस खाई में गिर गई। दमकल कर्मी और पुलिस ने सभी यात्रियों को सीएचसी पहुंचाया। इधर, काकोरी के एसीपी शकील अहमद ने बताया कि ट्रैवल एजेंसी को फोन किया गया। दूसरी बस मंगवाकर यात्रियों को गंतव्य के लिए रवाना किया गया। चालक और उपचालक की तलाश की जा रही है।
हादसे में यह हुए घायल : कलवारी निवासी राजा कुमार (25) और उसका पिता बद्री साह (55), राजीव कुमार और उसकी पत्नी ममता कुमारी, 11 साल का बेटा आरव, सहरसा निवासी पवन कुमार सिंह की पुत्री प्रीति (24), मोतिहारी निवासी विक्की कुमार (22), रोशनी (20), सागर (21), गयाजी निवासी अरविंद कुमार (34) आदि शामिल है। धमौली पूर्वी पंचायत के मुखिया उमेश रजक ने बताया कि राजा कुमार दिल्ली में अपने परिवार के साथ रहता है। उसके साथ उसकी बहन ममता कुमारी का भी परिवार रहता है। सभी दिल्ली में ही फल का कारोबार करते हैं। ममता कुमारी का ससुराल हथौड़ी के नरमा गांव में है। दोनों परिवार के 13 लोग बस पर सवार थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


