
मुंबई से चोरी हुए दो मोबाइल गायघाट व मधुबनी से बरामद
मुंबई से चोरी हुए मोबाइलों की खोज में महाराष्ट्र पुलिस ने मुजफ्फरपुर और मधुबनी में छापेमारी की। एक मोबाइल गायघाट प्रखंड और दूसरा मधुबनी से बरामद हुआ। एक आरोपी ने मोबाइल को कम पैसे में खरीदा था। पुलिस का कहना है कि बरामद मोबाइल से शातिरों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
मुजफ्फरपुर, वसं। मुंबई से चोरी हुए मोबाइलों की खोज में महाराष्ट्र पुलिस ने बीते दो-तीन दिनों में मुजफ्फरपुर व मधुबनी जिले में छापेमारी की। पुलिस ने इन मोबाइलों व इनका उपयोग करने वाले लोगों को खोज निकाला है। एक मोबाइल जिले के गायघाट प्रखंड तो दूसरा मधुबनी जिले से बरामद हुआ है। मुजफ्फरपुर रेल थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रंजीत कुमार ने रविवार को इसकी पुष्टि की। वहीं, महाराष्ट्र पुलिस के एक पदाधिकारी नारायण बिगडर ने बताया कि 18 अक्टूबर को लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) के टिकट हॉल से उच्चकों ने दो मोबाइल उड़ा लिए थे। इसमें एक मोबाइल को मुंबई के चेंबूर इलाके में रहकर मिस्त्री का काम करने वाले गायघाट के बेरूआ निवासी जय किशोर राय के पुत्र अनिल कुमार को उसने काफी कम पैसे में बेचा गया था।

अनिल ने मोबाइल में छेड़छाड़ कर पहले उसमें सिम लगाया। बाद में सिम निकाल लिया था। इस मोबाइल के चोरी होने की शिकायत मो. बनयामी राज ने एलटीटी रेल थाने में दर्ज कराई थी। बताया कि इसी तरह मधुबनी जिले से भी मुंबई से चोरी हुए एक मोबाइल को बरामद किया गया है। अधिकारी ने कहा कि मोबाइल का इस्तेमाल करने वाले लोगों ने खुद को निर्दोष बताया है। कहा कि बरामद मोबाइल के जरिये शातिरों तक पहुंचने में मदद मिलेगी। महाराष्ट्र पुलिस ने यह भी बताया कि समस्तीपुर से एक युवती को बरामद किया गया जो वहां से शादी करके अपने प्रेमी के साथ मुंबई से भागकर गांव आ गई थी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




