सुविधाएं बढ़ें व स्थानीय स्तर पर मिले रोजगार तो बेरोजगारों का हो बेड़ा पार

Newswrap हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुर
share

मुजफ्फरपुर में युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसरों की आवश्यकता है। स्थानीय कंपनियाँ खुद नियुक्तियाँ कर रही हैं, जिससे बेरोजगारों को काम नहीं मिल रहा। नियोजनालय विभाग के माध्यम से नियुक्ति होनी चाहिए ताकि युवाओं को अच्छा वेतन मिल सके। छात्रों ने ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा की भी मांग की है।

सुविधाएं बढ़ें व स्थानीय स्तर पर मिले रोजगार तो बेरोजगारों का हो बेड़ा पार

मुजफ्फरपुर। गन्नीपुर स्थित श्रम संसाधन विभाग के अवर प्रादेशिक नियोजनालय से युवाओं को बेहतर सुविधा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों की दरकार है। जिले में बेला औद्योगिक क्षेत्र की कंपनियां, शहर के मॉल एवं मेगा मार्ट, निजी एजेंसियां, बड़े-बड़े कपड़े व आभूषण शो-रूम और होटलों में जो नियुक्तियां होती हैं, वह कंपनियां एवं प्रतिष्ठान खुद करते हैं। इसमें नियोजनालय विभाग को नहीं शामिल किया जाता है। इस कारण स्थानीय बेरोजगारों को उसमें काम करने का अवसर नहीं मिल पाता है। किसी भी निजी कंपनी या संस्थान में नियुक्ति नियोजनालय के माध्यम से ही करनी है, लेकिन इसका पालन नहीं किया जा रहा।

स्थानीय युवाओं को रोजगार मुहैया कराने के लिए जॉब कैंप

अवर प्रादेशिक नियोजनालय के गन्नीपुर स्थित कार्यालय में स्थानीय युवाओं को रोजगार मुहैया कराने के लिए नियमित जॉब कैंप का आयोजन होता है। इसमें स्थानीय से अधिक बाहर के नियोक्ता पहुंचते हैं। इस कारण जिले के बेरोजगार युवक इसका लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। इन जॉब कैंप में शामिल होने वाले युवाओं और विद्यार्थियों का कहना है कि बाहर काम करने पर उन्हें जितना वेतन दिया जाता है, उतने में उनका खर्च भी पूरा नहीं हो पाता है। इस कारण युवक काम के लिए बाहर नहीं जा पाते।

स्थानीय कंपनियों की नियुक्ति प्रक्रिया

छात्र राहुल कुमार, सुधांशु कुमार व विकास कुमार ने बताया कि स्थानीय कंपनियां एवं प्रतिष्ठान खुद नियुक्तियां करती हैं। वे नियोजनालय विभाग के माध्यम से नौकरी के लिए युवाओं का चयन नहीं करती हैं। ये तमाम कंपनियां व प्रतिष्ठान अपने हिसाब से युवाओं को वेतन देते हैं और काम करने का समय निर्धारित करते हैं। अगर नियोजनालय के माध्यम से नियुक्ति की जाए तो बेरोजगारों को अच्छा वेतन मिल सकेगा। कहा कि इन दिनों बहुत सारी निजी एजेंसियां हैं, जो कंपनी या संस्थान से बातकर अपने माध्यम से काम करने वाले को मानव संसाधन उपलब्ध कराती हैं। उनका वेतन कंपनी नहीं, बल्कि एजेंसियां तय करती हैं। इसमें गार्ड बहाली के पदों की संख्या अधिक रहती है। अगर नियोजनालय के माध्यम से नियुक्ति होती तो बीच का पैसा जो एजेंसियां खा जाती हैं, वह सीधा बहाल कर्मी को मिलता।

चतुर्थवर्गीय कर्मियों की बहाली

मोतीपुर के बेरोजगार युवक राहुल कुमार ने कहा कि पहले केंद्रीय व राज्य में चतुर्थवर्गीय कर्मचारी की बहाली नियोजनालय विभाग से ही हुआ करती थी। जब से नियोजनालय से सरकारी कर्मचारी की बहाली बंद हो गई है, तब से कम लोग इसमें लगने वाले कैंपों में पहुंचते हैं। कहा कि अगर पुन: यह व्यवस्था शुरू हो जाए तो जिले के बेरोजगार युवाओं को लाभ होगा। वहीं, मोतिहारी के विकास कुमार का कहना था कि पैसों के अभाव में बहुत-से बेरोजगार युवा सिविल सेवा की तैयारी के लिए महानगरों के अच्छे कोचिंग संस्थानों में नहीं जा पाते हैं। अगर नियोजनालय विभाग की लाइब्रेरी में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए बड़े कोचिंग संचालकों की ऑनलाइन क्लास की व्यवस्था हो जाए तो यहां के छात्रों के लिए वरदान साबित होगा। कहा कि दिल्ली, इलाहाबाद और पटना जैसे शहरों में अच्छे-अच्छे कोचिंग संस्थान हैं। अगर विभाग उनके कोचिंग क्लास की ऑनलाइन सुविधा यहां प्रदान करा दे तो गरीब छात्रों का सिविल सेवा में जाकर नौकरी करने का सपना पूरा हो सकता है।

जिम्मेदार की प्रतिक्रिया

गन्नीपुर मुख्य मार्ग से अवर प्रादेशिक नियोजनालय कार्यालय आने वाले रास्ते में नाला निर्माण का प्रस्ताव संबंधित विभाग को भेजा गया है। कार्यालय परिसर की सफाई व्यवस्था और जो भी तकनीकी परेशानी है उसे जल्द दुरुस्त किया जाएगा। लाइब्रेरी में पढ़ने वाले प्रतियोगी छात्रों के मार्गदर्शन के लिए विषयवार शिक्षकों को बुलाया जाएगा। इसके लिए पहल की जा रही है।

-जैनेन्द्र कुमार, सहायक निदेशक नियोजनालय

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

मुजफ्फरपुर में युवाओं को रोजगार के अवसर कैसे मिलते हैं?
मुजफ्फरपुर में युवाओं को रोजगार के अवसर स्थानीय कंपनियों और प्रतिष्ठानों द्वारा मिलते हैं, जो खुद नियुक्तियां करती हैं।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।