एलईडी टीवी के जरिए होगी सोलर लाइट की जांच

Arun Kumar Jha हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुर
share

मुजफ्फरपुर में सभी कलेक्ट्रेट परिसर में सोलर लाइट की मानीटरिंग के लिए 75 इंच के एलईडी टीवी लगाए जाएंगे। इस कदम का उद्देश्य सोलर लाइटों की स्थिति की जानकारी देना और प्रशासन को त्वरित कार्रवाई के लिए सक्षम बनाना है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में सोलर लाइटों की मरम्मत और रखरखाव में सुधार होगा।

एलईडी टीवी के जरिए होगी सोलर लाइट की जांच

मुजफ्फरपुर, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि सोलर लाइट की मानीटरिंग को राज्य के सभी कलेक्ट्रेट परिसर में एलईडी टीवी लगाया जाएगा। सभी वार्ड और पंचायतों में व्यापक पैमाने पर सोलर लाइट लगाने का कार्य किया जा रहा है, लेकिन इसके क्रियान्वयन को लेकर लगातार शिकायत प्राप्त हो रही है। एजेंसी की लापरवाही के कारण सोलर लाइट कई-कई दिनों तक बंद रहती है। इसे लेकर विभाग ने अहम निर्णय लिया है। सोलर लाइट की मानीटरिंग और इससे संबंधित अपडेट सूचना के प्रदर्शन को लेकर सभी कलेक्ट्रेट परिसर में एलईडी टीवी लगाया जाएगा।प्रत्येक टीवी की खरीद पर दो-दो लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। यह 75 इंच का होगा।

पंचायती राज विभाग के अपर सचिव ने वित्त विभाग को इसके लिए प्राक्कलन तैयार कर भेजा है और राशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया है। ताकि आगे की प्रक्रिया शुरू की जा सके। वित्त विभाग से स्वीकृति मिलने के बाद सभी जिलों में इसकी खरीद की जाएगी। एलईडी टीवी लगने से सोलर लाइट की अपडेट स्थिति का पता लगता रहेगा। इससे डीएम समेत प्रशासनिक विभाग के तमाम अधिकारियों की नजर रहेगी। अगर कहीं पर सोलर लाइट खराब होगा तो यह भी प्रदर्शित होगा। इससे अधिकारी संज्ञान में लेकर त्वरित कार्रवाई कर सकेंगे। बताया गया कि इसका उद्देश्य पंचायतों में लगी सोलर स्ट्रीट लाइटों की कार्यक्षमता पर नजर रखना, ताकि यह पता चल सके कि कौन सी लाइट जल रही है और कौन सी खराब है। पंचायती राज विभाग ने ब्रेडा के माध्यम से एक केंद्रीयकृत अनुश्रवण प्रणाली विकसित की है। यह सिस्टम लाइटों का रियल टाइम डाटा प्रदान करेगा, जिसे इन एलईडी टीवी पर दिखाया जाएगा। इस कदम से ग्रामीण सोलर लाइटों की मरम्मत और रखरखाव में तेजी आएगी और काम में पारदर्शिता आएगी।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Arun Kumar Jha

लेखक के बारे में

Arun Kumar Jha

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।