मोतीपुर में बियाडा की जमीन पर दो रैयतों ने किया दावा
मुजफ्फरपुर के मोतीपुर में बियाडा को आवंटित भूमि पर निजी स्वामित्व का दावा किया जा रहा है, जिससे चहारदीवारी का निर्माण रुका है। दो रैयतों ने दावेदारी पेश की है और जमाबंदी के कागजात उप महाप्रबंधक को...

मुजफ्फरपुर, मुख्य संवाददाता मोतीपुर में बियाडा को आवंटित भूमि के निजी होने का दावा किया जा रहा है। इस कारण से वहां पर चहारदीवारी का निर्माण रुका है। दो रैयतों ने दावेदारी प्रस्तुत की है। जमाबंदी के कागजात भी मोतीपुर क्लस्टर के उप महाप्रबंधक को सौंपे गए हैं। उप महाप्रबंधक ने कार्यकारी निदेशक (उत्तर) बियाडा, पटना को पत्र भेजकर वस्तुस्थिति से अवगत कराया है। बताया गया कि बिहार राज्य चीनी निगम मोतीपुर इकाई की 897.40 एकड़ भूमि बियाडा को हस्तांतरित की गई थी। इसमें से खाता संख्या 2445, खेसरा 15638 में रकबा 7.98 एकड़ भूमि बियाडा को हस्तांतरित है। यह औद्योगिक क्षेत्र बरियारपुर की आईपी 33 की भूमि है।
इसका दाखिल-खारिज भी बियाडा के पक्ष में हो चुका है। वर्ष 2023-24 में बियाडा ने आयडा के माध्यम से आंतरिक सड़क और नाला निर्माण कराया था। वर्तमान में चहारदीवारी निर्माण कार्य करवाए जाने के क्रम में ग्रामीणों ने उक्त भूमि के अंश भाग पर निजी भूमि का दावा ठोक दिया गया। दो रैयतों की ओर से जमाबंदी भी उपलब्ध कराई गई है। उक्त भूखंड जिला गजट में प्रकाशित है, जिसका कुल रकबा 61.33 एकड़ है। ग्रामीणों द्वारा किए गए दावों की स्थलीय और उनकी जमाबंदी की जांच मोतीपुर सीओ से करवाने की मांग की गई है। साथ ही पूर्व से हस्तांतरित 7.98 एकड़ भूमि को छोड़ शेष 53.33 एकड़ भूमि का हस्तांतरण बियाडा के पक्ष में करने का अनुरोध किया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




