
महागठबंधन का संकल्प पत्र झूठ का पुलिंदा : मनीष वर्मा
संक्षेप: मुजफ्फरपुर में जदयू के महासचिव मनीष वर्मा ने महागठबंधन के संकल्प पत्र को झूठा बताया। उन्होंने कहा कि विपक्ष 20 महीने में तीन करोड़ सरकारी नौकरियों का दावा कर रहा है, जबकि बिहार में पिछले 75 वर्षों में केवल 27 लाख नौकरियां मिली हैं। उन्होंने युवाओं से काम करने वालों पर विश्वास करने की अपील की।
मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। जदयू के राष्ट्रीय महासचिव मनीष वर्मा ने बुधवार को मीनापुर विस क्षेत्र में कई इलाकों का दौरा किया। इस दौरान अपने संबोधन में उन्होंने महागठबंधन के संकल्प पत्र को झूठ का पुलिंदा बताया। मीनापुर में जदयू प्रत्याशी अजय कुमार के समर्थन में जन संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले पचास वर्षों में लोहिया और कर्पूरी परंपरा की बात बिना नीतीश कुमार की चर्चा के पूरी नहीं होगी। उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आजकल कुछ लोग तीन करोड़ सरकारी नौकरियां देने का दावा कर रहे हैं। पिछले 75 वर्षों में बिहार में 27 लाख सरकारी नौकरियां ही मिली हैं, पर ये लोग 20 महीने में तीन करोड़ नौकरियां देने की बात करते हैं।

झूठ बोलने की प्रतियोगिता हो, तो ऐसे लोग टॉप कर जाएंगे। अब युवाओं को ही तय करना होगा कि वे झूठे पर विश्वास करेंगे या काम करने वालों पर। उन्होंने कहा कि जिनके शासन में बिजली नहीं थी, वे आज बिजली पर बात कर रहे हैं। अब बिहार में घर-घर बिजली पहुंच गई है। अब लालटेन की रोशनी की बात कोई नहीं करता है। हमारी सरकार ने महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए कई ठोस कदम उठाए हैं। बिहार में 35% महिला आरक्षण लागू करने के अलावा जीविका के माध्यम से उनको सशक्त किया जा रहा है। मनीष वर्मा देर शाम मीनापुर जदयू प्रखंड अध्यक्ष अभिषेक कुमार के आवास पर पहुंचे। अभिषेक ने कुछ दिनों पहले अपने इस्तीफे की पेशकश की थी, जिसे अभी तक स्वीकार नहीं किया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




