सरैया में दिगंबर जैन मुनि से बदसलूकी, हमले का प्रयास
सरैया में जैनमुनि विशल्यसागर जी के साथ कुछ शरारती तत्वों ने मंगलवार सुबह बदसलूकी की। उन्होंने मुनिराज पर हमले का प्रयास किया और कपड़े पहनने की धमकी दी। मुनिराज ने मौन धारण कर लिया। पुलिस ने उन्हें सुरक्षा प्रदान करते हुए करजा थाना क्षेत्र तक पहुंचाया।
सरैया। हिन्दुस्तान संवाददाता। सरैया थाना क्षेत्र के गोपीनाथपुर दोकड़ा में मंगलवार की सुबह जैनमुनि उपसर्गजयी श्रमण श्री विशल्यसागर जी मुनिराज के साथ कुछ शरारती तत्वों ने बदसलूकी की। उनके दिगंबर होने के कारण उन पर हमले का प्रयास किया और वस्त्र पहनने की धमकी दी। इस घटना पर जैनमुनि वहीं मौन होकर एनएच-722 किनारे ध्यानस्थ होकर बैठक गए। जानकारी मिलने पर उन्हें मनाकर उनकी यात्रा को पुलिस अभिरक्षा में करजा थाना क्षेत्र तक पहुंचा गया। जानकारी के अनुसार श्री विशल्यसागर जी मुनिराज वैशाली में प्राचीन जैन मंदिर में स्वर्ण कलश व स्वर्ण ध्वज की स्थापना समारोह में आये थे। बासोकुंड स्थित भगवान महावीर की जन्मभूमि पर बने महावीर मंदिर परिसर में रुके थे।

वहां से सोमवार को विहार करते हुए सरैया थाना क्षेत्र के दोकड़ा, कांटी टोला स्कूल पहुंचे थे। वहीं रात्रि विश्राम किया। मंगलवार की सुबह वहां से वे मड़वन के लिए निकल पड़े। इसी दौरान एनएच 722 पर गोपीनाथपुर दोकड़ा के समीप बाइक से पहुंचे शरारती तत्व ने बदसलूकी शुरू कर दी। उनके साथ गाली-गलौज किया और वस्त्र पहनाने की धमकी दी। साथ चल रहे लोगों ने समझाने की कोशिश की तो उसने गोली मार देंने की धमकी तक दी। तब मुनिराज वहीं मौन धारणकर बैठ गए। मामले की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। सरैया पुलिस पहुंची। शरारती तत्वों की खोजबीन शुरू की, लेकिन शरारती तत्व भाग चुके थे। उसके बाद मुनिराज को मनाकर उनकी यात्रा को आगे बढ़वाया गया। करजा थाना क्षेत्र के अख्तियारपुर मड़वन में मुनि रात्रि विश्राम के लिए रुक गए। वहां से सीतामढ़ी होते हुए वे मिथिलापुरी तक जाएंगे। :: कोट :: शरारती तत्वों ने जैनमुनि को कपड़ा पहनने के लिए बोला था। उसके बाद मुनि वहीं पर रुक गए थे। सूचना मिली पर पुलिस सुरक्षा में उनको पोखरैरा टोल प्लाजा के पहले थाना क्षेत्र की सीमा तक पहुंचा दिया गया। मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस को पहले से उनकी यात्रा की कोई जानकारी नहीं दी गई थी। - सुभाष मुखिया, सरैया थानाध्यक्ष

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




