Hindi NewsBihar NewsMuzaffarpur NewsInvestigation Continues in Muzaffarpur Bodies of Woman and Children Found in Gandak River
ममता का सोशल मीडिया अकाउंट खंगाल रही पुलिस, आधा दर्जन से पूछताछ

ममता का सोशल मीडिया अकाउंट खंगाल रही पुलिस, आधा दर्जन से पूछताछ

संक्षेप:

मुजफ्फरपुर में बूढ़ी गंडक नदी से मां ममता कुमारी और तीन बच्चों के शव मिले हैं। पुलिस सोशल मीडिया अकाउंट की जांच कर रही है और ममता के संपर्क में रहे संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। पति कृष्णमोहन को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया है। घटना के मास्टरमाइंड का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

Jan 17, 2026 12:52 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुर
share Share
Follow Us on

मुजफ्फरपुर, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। अहियापुर थाना क्षेत्र के लकड़ीढाई पुल के नीचे बूढ़ी गंडक नदी में गुरुवार को तीन बच्चों सहित मां ममता कुमारी का शव मिलने के मामले की जांच जारी है। पुलिस ममता के सोशल मीडिया अकाउंट को खंगाल रही है। जांच में पता चला है कि वह सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थी। व्हाट्सएप, फेसबुक व इंस्टाग्राम के माध्यम से वह कई लोगों से जुड़ी थी। पुलिस उसके संपर्क में रहने वाले संदिग्धों को चिह्नित कर रही है। वहीं, मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी ने हिरासत में लिए गए औराई के युवक सहित आधा दर्जन संदिग्धों से पूछताछ की है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

पुलिस यह जांच कर रही है कि 10 जनवरी को घर से निकलने से पहले व बाद में सोशल मीडिया के माध्यम से महिला सबसे ज्यादा देर तक किसके संपर्क में थी। हालांकि, पुलिस अब तक किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंची है। महिला व बच्चों का शव पीले कपड़े में बंधा मिला है। इसे पंडाल बांधने वाला कपड़ा बताया जा रहा है। पुलिस यह पता लगा रही है कि ममता या उसके पति का कोई मित्र पंडाल व्यवसाय से तो नहीं जुड़ा है। सिपाहपुर बखरी पहुंची टीम, मकान मालिक से की पूछताछ : शुक्रवार को एसआईटी सिपाहपुर बखरी स्थित ममता के किराए के घर पहुंची। यहां मकान मालिक नग नारायण सिंह और आसपास के लोगों से ममता और उसके पति के संबंध में जानकारी इकट्ठा की गई। इसके अलावा मोहल्ला और चंदवारा घाट जाने वाले के रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला। हालांकि, घटना के संबंध में कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका। पुलिस की पूछताछ में मकान मालिक ने बताया कि बीते एक नवंबर से वे उनके मकान में किराए पर रह रहे थे। किराए पर दो कमरे लिया था। कृष्ण मोहन के अलावा पत्नी ममता, तीन बच्चे, एक बुजुर्ग मां, तीन भांजी और एक भांजा रह रहे थे। 12 जनवरी को कृष्ण मोहन ने कमरा खाली कर दिया था। एक मोबाइल नंबर अररिया के सिंगार तो दूसरा औराई के युवक का मिला : पुलिस सूत्रों के अनुसार, ममता के पति कृष्णमोहन ने जिन दो मोबाइल नंबरों की जानकारी दी है उसमें से एक अररिया के सिंगर का है। वह दिलफेक आशिक है। हर रात वह अलग-अलग मोबाइल नंबरों पर कॉल करता। जिस नंबर पर महिला मिल जाती है, उससे वह बात करने लगता है। पुलिस की अब तक की जांच में उसकी संलिप्तता सामने नहीं आया है। उनका लोकेशन गुजरात में मिला है। वहीं, दूसरा नंबर औराई के एक युवक का बताया जा रहा है। पुलिस ने उसे हिरासत में लिया है। उसे गुप्त स्थल पर रखकर पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा पुलिस ने सिपाहपुर और जीरोमाइल से कई अन्य संदिग्धों को पकड़ा है। उनसे भी पूछताछ जारी है। मायके वालों से पुलिस ने की पूछताछ, पति को छोड़ा : महिला के मायके वालों को पूछताछ के लिए अहियापुर थाने पर लाया गया था। पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। नदी में मिले चारों के शवों की स्थिति व वहां पर मिले साक्ष्यों के आधार पर भी पुलिस घटना के संबंध में जांच कर रही है। अहियापुर थानाध्यक्ष रोहन कुमार ने बताया कि अब तक घटना के मास्टरमाइंड तक पुलिस नहीं पहुंच पाई है। महिला के पति कृष्णमोहन को पूछताछ के बाद छोड़ा दिया गया है, ताकि वह अपनी पत्नी व बच्चों के दाह संस्कार में शामिल हो सके। बयान : ममता के सोशल मीडिया अकाउंट को खंगाला जा रहा है। उसके संपर्क में रहने वाले काफी लोगों से पूछताछ की गई है। कई टीम अलग-अलग स्तरों पर जांच कर रही है। अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। मामले में सिंगर की संलिप्तता सामने नहीं आई है। जांच की जा रही है। -विनीता सिन्हा, एसडीपीओ नगर-दो