
पंडौल ग्रिड धमाका: जख्मी अभियंता और ऑपरेटर को एयर एंबुलेंस से दिल्ली ले जाने की तैयारी
मधुबनी के पंडौल पावर ग्रिड में मंगलवार शाम हुए धमाके में अभियंता समेत चार कर्मियों के झुलसने की घटना की उच्चस्तरीय जांच शुरू हो गई है। गंभीर रूप से घायल दो कर्मियों को एयर एंबुलेंस से दिल्ली ले जाने की तैयारी है। विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए दो स्तरों पर जांच की जा रही है।
मुजफ्फरपुर, वरीय संवाददाता। मधुबनी के पंडौल पावर ग्रिड में मंगलवार शाम हुए धमाके में अभियंता समेत चार कर्मियों के झुलसने की घटना की उच्चतस्तरीय जांच शुरू हो गई है। दो स्तरों पर जांच होनी है। दरभंगा सर्किल से टीएंडसी जांच कर रही है। उसकी रिपोर्ट के बाद आगे पटना से क्रिटल टीम जांच को आएगी। गंभीर रूप से घायल सहायक अभियंता और एक ऑपरेटर को बेहतर इलाज के लिए एयर एंबुलेंस से दिल्ली ले जाने की तैयारी है। मधुबनी पावर ग्रिड ट्रांसमिशन के अधीक्षण अभियंता (एसई) अभिषेक कुमार ने बताया कि ग्रिड में विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता अभी तक नहीं चल पाया है।
हादसे के सभी संभावित कारणों की जांच की जा रही है। दरभंगा से टीएंडसी (टेस्टिंग एंड कमिशनिंग) से एक टीम जांच करने पंडोल ग्रिड पहुंची है। जांच टीम की रिपोर्ट के बाद पटना से एक टीम आएगी। उन्होंने बताया कि ग्रिड में मेंटेनेंस कार्य करवा रहे सहायक अभियंता और उनके साथ तीन अन्य विस्फोट में जख्मी हुए हैं। सहायक अभियंता अश्विनी कुमार और एक ऑपरेटर सज्जन कुमार की हालत गंभीर बनी है। दोनों 50-60 प्रतिशत झुलस गए हैं। दोनों पटना के अपोलो बर्न हॉस्पिटल से बेहतर इलाज के लिए एयर एंबुलेंस से दिल्ली एम्स या सफदरजंग के ट्रामा सेंटर ले जाने की तैयारी की जा रही है। एसी ट्रांसमिशन ने बताया कि शेष दो अन्य जख्मी कर्मी की हालत स्थिर है। दोनों का पंडौल में ही इलाज चल रहा है। बताया गया कि घटना के समय सभी कर्मचारी सप्लाई पैनल से जुड़े कार्य में जुटे थे। इसी दौरान अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और पैनल में जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट के बाद पैनल में मौजूद लिक्विड में आग लग गई। इसकी चपेट में आकर चारों लोग जख्मी हो गए। घायलों में पंडौल ग्रिड के सहायक अभियंता अश्विनी कुमार (पूर्णिया निवासी), ऑपरेटर सज्जन कुमार (खजौली), मधुबनी सदर के अंधरी निवासी गार्ड कमरुजमा व खजूरी निवासी गार्ड प्रमोद राय शामिल हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




