एक रेलखंड पर एकसाथ दौड़ेंगी दो ट्रेनें
मुजफ्फरपुर में रेलवे ने ट्रेनों के संचालन को तेज और सुरक्षित बनाने के लिए इंटरमिडिएट ब्लॉक हट (आईबीएच) प्रणाली शुरू की है। यह प्रणाली एक ही रेलखंड पर दो ट्रेनों को एक साथ चलाने की अनुमति देती है। मझौलिया रेलवे गुमटी के पास आईबीएच का निर्माण पूरा हो चुका है और इससे ट्रेन के सिग्नलिंग को नियंत्रित किया जाएगा।
मुजफ्फरपुर, सोमनाथ सत्योम। ट्रेनों के परिचालन को सुचारु व तेज बनाने के लिए रेलवे नित्य नए प्रयोग कर रहा है। बड़े पैमाने पर कवच लगाकर परिचालन व्यवस्था को सुरक्षित व संरक्षित बनाया जा रहा है। वहीं, एक सेक्शन यानी रेलखंड में ट्रेनों की गति और ट्रैफिक कैसे बढ़े इसको लेकर सोनपुर रेलमंडल ने कवायद शुरू की है। मुजफ्फरपुर-रामदयालु नगर रेलखंड के बीच एक साथ दो ट्रेनों का परिचालन हो। इसको लेकर रेलखंड के मझौलिया रेलवे गुमटी संख्या छह और खबड़ा गुमटी संख्या सात के बीच आदर्श नगर के पास इंटरमिडिएट ब्लॉक हट (आईबीएच) बनाया गया है। इससे एक रेलखंड पर एक साथ दो गाड़ियां दौड़ सकेंगी।
कवच प्रणाली की तर्ज पर एक के पीछे दूसरे ट्रेन का परिचालन होगा। इस प्रणाली के माध्यम से आगामी दो से तीन दिनों में सोनपुर रेलमंडल ट्रेनों का परिचालन शुरू कर सकता है। इसकी तैयारी पूरी की जा चुकी है। भवन का निर्माण पूरा हो चुका है। यह मानव रहित होता है और पिछले स्टेशन के स्टेशन मास्टर के नियंत्रण में होगा। इस प्रणाली के तहत ट्रेन के लोको पायलट को सिग्नल लाल होने पर आगे बढ़ने के लिए पिछले स्टेशन से अनुमति लेनी पड़ेगी। मझौलिया गुमटी का सिग्नल भी नई प्रणाली से होगा संचालित : मझौलिया रेलवे गुमटी का सिग्नल भी आईबीएच से ही संचालित होगा। वहीं पर रिले सिस्टम स्थापित किया जा रहा है। इससे ट्रेनों के परिचालन को वहीं से सिग्नल मिल सकेगा। फिलहाल, उक्त सिग्नल मझौलिया रेलवे गुमटी से संचालित हो रहा है। इस प्रणाली के शुरू होने के बाद उक्त सिग्नल से आईबीएच और रेलवे गुमटी दोनों टैग हो जाएगा और एक साथ ही संचालित होगा। क्या है इंटरमिडिएट ब्लॉक हट : इंटरमिडिएट ब्लॉक हट (आईबीएच), भारतीय रेलवे में एक सिग्नलिंग व्यवस्था है, जो लंबे ब्लॉक सेक्शन (दो स्टेशनों के बीच के रास्ते) को छोटे हिस्सों में बांटती है, ताकि एक ही समय में एक से ज्यादा ट्रेनें सुरक्षित रूप से परिचालित हो सके। ट्रेनों के बीच की दूरी (हेडवे) कम हो जाती है, जिससे समय की बचत होती है। लाइन की क्षमता भी बढ़ती है। आईबीएच की विशेषता : -लंबे ब्लॉक सेक्शन को छोटा करके ट्रेन के आवागमन में देरी कम करना और लाइन की क्षमता बढ़ाना -दो बड़े स्टेशनों के बीच के लंबे खंडों में लगाई जाती है, इसके लिए दोहरी लाइन होना अनिवार्य है -यह अक्सर मानव रहित होती है और पिछले स्टेशन के स्टेशन मास्टर द्वारा नियंत्रित किया जाता है

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




