Muzaffarpur News: मेडिकल में दिनदहाड़े महिला डॉक्टर की चेन छीनी
Muzaffarpur News: बाइकर्स गैंग बेखौफ : - एसडीपीओ कार्यालय से 200 मीटर दूर वारदात -

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर, हिप्र। शहर में बाइकर्स गैंग का आतंक बढ़ता जा रहा है। पुलिसकर्मी के रिश्तेदार से लेकर डॉक्टर तक अपराधियों के निशाने पर हैं। बाइकर्स गैंग के दो अपराधियों ने शुक्रवार की दोपहर एसकेएमसीएच परिसर में महिला डॉक्टर के गले से सोने की चेन झपट ली। इससे पहले गुरुवार की रात लेनिन चौक पर महिला पुलिसकर्मी की रिश्तेदार बताई गई कैमूर की महिला के गले से सोने की चेन छीन ली गई थी। शुक्रवार की दोपहर मेडिकल के पोस्टमार्टम हाउस के पास लैब जा रही पीजी की जूनियर महिला डॉक्टर से बाइक सवार अपराधियों ने करीब तीन लाख की सोने की चेन झपट ली, जबकि घटनास्थल के सामने ही 200 मीटर की दूरी पर एसडीपीओ कार्यालय पर पुलिस कर्मी मौजूद थे। डॉक्टर ने एसकेएमसीएच थाने में आवेदन दिया है। पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही है। बता दें कि एसकेएमसीएच की सुरक्षा व्यवस्था के लिए परिसर में थाना और एसडीपीओ नगर-2 का कार्यालय स्थापित किया गया है। इसके अलावा प्रबंधन की ओर से तीन सौ सुरक्षा गार्ड भी बहाल किए गए हैं। बावजूद मेडिकल परिसर में डॉक्टर, नर्स, छात्र-छात्राएं और मरीज अपराधियों के निशाने पर हैं। बीते 25 सितंबर की शाम साढ़े सात बजे एसकेएमसीएच के पास मुरादपुर में अपराधियों ने सीतामढ़ी के व्यवसायी राजू साह से पिस्तौल के बल पर बाइक और मोबाइल लूट ली थी.
12 दिन पहले बाइक छोड़कर भागे लुटेरे, सुराग नहीं :
दरभंगा उर्दू बाजार निवासी मो. शमशाद बीते 20 सितंबर को बाइक से पत्नी गजाला खातून को लेकर पारू स्थित ससुराल जा रहे थे। झपहां में ओवरब्रिज पर बाइक सवार अपराधियों ने पीछा करके बाइक पर पीछे बैठी गजाला खातून का बैग और गले से सोने की चेन झपट ली। बैग पकड़े बैठी गजाला चलती बाइक से गिर गई। वह गंभीर रूप से घायल हो गई। अफरातफरी में अपराधी भी बाइक से गिर गए। दोनों अपराधी लाल रंग की तेज रफ्तार बाइक मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने बाइक जब्त कर ली, लेकिन 12 दिन बाद भी बाइक मालिक का सुराग नहीं ढूंढ पाई।

